रायपुर, 02 अप्रैल (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए शिकंजा और कस दिया। राजधानी रायपुर स्थित ईडी की स्पेशल कोर्ट में एक साथ 59 आरोपियों को पेश किया गया, जिससे प्रदेश के राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया है।
इस हाई-प्रोफाइल मामले में पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा, पूर्व मुख्यमंत्री के बेटे चैतन्य बघेल समेत आबकारी विभाग के 28 अधिकारी प्रमुख रूप से शामिल हैं। इसे अब तक की सबसे बड़ी सामूहिक पेशी माना जा रहा है।
धारा 88 के तहत दर्ज हुए बयान
स्पेशल कोर्ट में पेश सभी 59 आरोपियों के बयान धारा 88 के तहत दर्ज किए गए। आरोपियों की ओर से अधिवक्ता फ़ैज़ल रिज़वी ने बताया कि ईडी ने इस मामले में अपना फाइनल परिवाद भी अदालत में प्रस्तुत कर दिया है।
अब तक 82 आरोपी नामजद
जानकारी के अनुसार, पहले दाखिल अभियोग पत्र में 23 आरोपी शामिल थे, लेकिन ताज़ा परिवाद में 59 नए नाम जोड़े गए हैं। इस तरह अब तक इस घोटाले में कुल 82 लोगों को आरोपी बनाया जा चुका है।
आगे और बड़े खुलासों के संकेत
ईडी की इस सख्त कार्रवाई से साफ है कि जांच एजेंसी मामले की गहराई तक पहुंचने में जुटी है। सूत्रों के मुताबिक, आने वाले दिनों में इस घोटाले से जुड़े और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं, जिससे कई और प्रभावशाली लोगों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

