श्री बड़े हनुमान मंदिर में लगा विशेष छप्पन भोग, भजन संध्या का आयोजन
प्रयागराज 2 अप्रैल (आरएनएस)। गुरुवार को हनुमान जयंती के अवसर पर संगम स्थित श्री बड़े हनुमान मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। मंदिर को विशेष रूप से सजाया गया है। पूरा परिसर जगमग नजर आ रहा है। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों का तांता लगा रहा। लोग भगवान हनुमान के दर्शन कर पूजा- अर्चना कर रहे हैं। श्री बड़े हनुमान जी के लिए विशेष छप्पन भोग तैयार किया गया है। शाम को भजन संध्या का आयोजन किया गया है।
हनुमत जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में संगम तट पर स्थित श्री बड़े हनुमान मंदिर में भोर से ही अनुष्ठान शुरू हो गया। मंदिर परिसर को भव्य तरीके से सजाया गया है। भोर में मंगला आरती का दर्शन करने के लिए बड़ी संख्या में भक्त जुटे। महंत बलवीर गिरी महाराज ने आरती उतारी। श्री बड़े हनुमान मंदिर के महंत और श्री बाघंबरी गद्दी पीठाधीश्वर महंत बलवीर गिरी महाराज ने बताया कि दोपहर दो बजे से हनुमानजी का महाभिषेक दूध, गंगा, पंचामृत, शहद, दही, गुलाबजल, पंचमेवा आदि से किया गया।
मठ में तैयार छप्पन भोग अर्पित किया गया। साथ ही 100 किलो लड्डू का भी भोग लगा, जिसे भक्तों में प्रसाद के रूप में वितरित किया गया। महंत ने बताया कि सुबह छह बजे से हनुमानजी का दर्शन करने के लिए मंदिर भक्तों के लिए खोल दिया गया। दोपहर बाद 4.30 बजे हनुमानजी की महाआरती हुई। शाम को भजन और सुंदरकांड का आयोजन किया गया। मंदिर पर दिन भर भंडारा चलता रहा।
बाक्स
पीएम मोदी ने एक्स पर साझा की संगम के बड़े हनुमानजी की तस्वीर==
प्रयागराज। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हनुमाान जंयती पर बधाई देने के लिए सोशल मीडिया साइट एक्स पर जारी अपने शुभकामना संदेश में संगम तट पर स्थित श्री बड़े (लेटे) हनुमानजी का पूजन करते हुए चित्र साझा किया है। इसमें हनुमान मंदिर के महंत बलवीर गिरि महाराज भी दिख रहे हैं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

