प्रयागराज 2 अप्रैल (आरएनएस)। अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त लेखक एवं विश्व रिकॉर्ड धारक अर्पित सर्वेश को प्रतिष्ठित राष्ट्रीय साहित्यिक संस्था ‘काव्यांगनÓ द्वारा प्रतापगढ़ जनपद का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
अर्पित सर्वेश का यह मनोनयन केवल एक पद की प्राप्ति नहीं, बल्कि उनके उत्कृष्ट साहित्यिक योगदान, हिंदी भाषा के प्रति अटूट समर्पण और समाज सेवा के प्रति उनकी निष्ठा का सच्चा सम्मान है। अल्प आयु में ही वैश्विक स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करने वाले अर्पित ने अपनी सशक्त लेखनी के माध्यम से न केवल भारत, बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी हिंदी भाषा का गौरव बढ़ाया है।
संस्था द्वारा जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार, यह दायित्व आगामी दो वर्षों के लिए प्रभावी रहेगा। उल्लेखनीय है कि यह पद पूर्णत: निस्वार्थ सेवा पर आधारित है, जो अर्पित सर्वेश की त्यागमय भावना, समर्पण और साहित्य के प्रति उनकी गहरी प्रतिबद्धता को और अधिक उजागर करता है।
इस महत्वपूर्ण दायित्व को सौंपते हुए संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष रमापति त्रिवेदी एवं राष्ट्रीय सचिव विवेक गोयल ने अर्पित सर्वेश की कार्यकुशलता, नेतृत्व क्षमता और दूरदर्शिता पर पूर्ण विश्वास व्यक्त किया है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

