—- डीएम व एसपी ने जिला अस्पताल में भर्ती घायलों, उनके परिजनों से मिल कर इलाज के बारे में ली जानकारी।
कुशीनगर, 02 अप्रैल (आरएनएस)। जनपद के खड्डा थाना क्षेत्र के सिसवा गोपाल गांव के सामने बड़ी गंडक नहर में बुधवार की देर रात श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली के पलट जाने से 4 महिलाओं की मौत हो गई। जबकि इस घटना में दो दर्जन महिला, पुरुष घायल हो गए। ग्रामीणों की मदद से घायलों को इलाज के लिए सीएचसी तुर्कहा ले जाया गया कुछ घायलो की गम्भीर हालत देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी होते ही रात में ही डीएम एवं एसपी ने जिला अस्पताल पहुंच घायलों एवं उनके परिजनों से मिल कर जानकारी हासिल की।
जानकारी के अनुसार चैत रामनवमी के अवसर पर बुधवार देर रात महराजगंज जनपद के बहहरा गांव के लगभग 50 की संख्या में महिला, पुरुष एवं बच्चे टैक्टर ट्राली में बैठ कर कुशीनगर जनपद के खड्डा थाना क्षेत्र के भैसहा नारायणी नदी पर स्थित दुर्गा मंदिर पर लगे मेले में जा रहे थे कि रास्ते में ही सिसवा गोपाल गांव के सामने बड़ी गंडक नहर में टैक्टर ट्राली अनियंत्रित होकर गिर गई। नहर में अचानक टैक्टर ट्राली पलटते ही श्रद्धालूओं में चीख पुकार करने लगे। चीख पुकार सुन अगल बगल गांव के लोग नहर की तरफ दौड कर पहुंच गए और घायलो को किसी तरह बाहर निकल कर एंबुलेंस की मदद से सीएचसी तुर्कहा ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान 4 महिलाओ की मौत हो गई। घायलों में कुछ की गम्भीर हालत देख डाक्टरो ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। मरने वाले श्रद्धालुओं में मीरा देवी, विमला देवी, किसमति देवी और सरिता देवी बताई गई है।
घायलों के अनुसार हादसे की वजह ट्रैक्टर-ट्रॉली नहर के किनारे मुडऩे वाली थी कि ड्राइवर आगे निकल गया है पीछे से किसी ने रास्ता छूटने की आवाज लगाई।आवाज सुनकर ड्राइवर पीछे देखने लगा ध्यान भटकने के चलते अचानक ब्रेक लगने के कारण टैक्टर ट्राली का संतुलन बिगड गया और यह दर्दनाक हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर एवं एसपी केशव कुमार तत्काल जिला अस्पताल में पहुंच कर घायलों व उनके परिजनों से मिलकर इलाज की जानकारी हासिल की।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

