गोरखपुर, 2 अप्रैल (आरएनएस ) । गोरक्षपीठ के अनन्य भक्त एवं वरिष्ठ समाजसेवी, पिपराइच क्षेत्र के लुहसी गांव निवासी मारकंडेय यादव के निधन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरी संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री गुरुवार सुबह लुहसी स्थित उनके पैतृक आवास पहुंचे और पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।मारकंडेय यादव का बुधवार सुबह गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया था। उनकी गोरक्षपीठ के प्रति गहरी आस्था और श्रद्धा थी।मुख्यमंत्री गुरुवार सुबह करीब सवा दस बजे लुहसी स्थित उनके आवास पहुंचे। उन्होंने पार्थिव शरीर एवं चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की चिर शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने परिजनों—पत्नी गुड्डी यादव, पुत्र संजीव यादव व विशाल यादव, भाई हरेंद्र यादव, पुत्री वंदना यादव तथा दामाद हिमांशु यादव से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।इस अवसर पर गोरखपुर के महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायक महेंद्रपाल सिंह, विपिन सिंह, उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक के सभापति संतराज यादव, भाजपा के जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी, पिपराइच नगर पंचायत के चेयरमैन संजय मद्धेशिया, वरिष्ठ नेता राधेश्याम सिंह, आनंद शाही, रणविजय सिंह मुन्ना सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

