लखनऊ 2 अप्रैल (आरएनएस )। अनूपगंज रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन से टकराकर एक युवक की हुई मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतक की पहचान होने के बाद परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने नामजद व अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 31.03.2026 को समय करीब 22:30 बजे थाना कार्यालय पर सूचना प्राप्त हुई थी कि अनूपगंज रेलवे स्टेशन के पास एक अज्ञात व्यक्ति ट्रेन से टकरा गया है, जिससे उसकी मृत्यु हो गई है। सूचना पर स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच के दौरान ज्ञात हुआ कि अनूपगंज स्टेशन की मध्य लाइन पर एक युवक ट्रेन से टकरा गया था। उस समय मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी तथा उसकी उम्र लगभग 25 वर्ष प्रतीत हो रही थी। शव का पंचायतनामा आदि की कार्रवाई जीआरपी द्वारा की गई।दिनांक 02.04.2026 को राम गोपाल अवस्थी पुत्र परशुराम अवस्थी, निवासी शिवलर थाना गोसाईंगंज जनपद लखनऊ, अपने समर्थकों के साथ थाना स्थानीय पहुंचे और एक प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उक्त मृतक उनका पुत्र अभय कुमार अवस्थी है।आवेदक द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर थाना गोसाईंगंज पर मु0अ0सं0 119/2026 धारा 103 बीएनएस के तहत तीन नामजद एवं दो अज्ञात अभियुक्तों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया है।मृतक के शव का अंतिम संस्कार नियमानुसार परिजनों की उपस्थिति में कराया जा रहा है। पुलिस द्वारा प्रकरण में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

