लखनऊ, 2 अप्रैल (आरएनएस )। भारत के महान स्वतंत्रता सेनानी, पूर्व उप प्रधानमंत्री, समाज सुधारक एवं वरिष्ठ राजनेता बाबू जगजीवन राम की जयंती की पूर्व संध्या पर 04 अप्रैल 2026 को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा एक विशाल गोष्ठी एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा।इस संबंध में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय, लखनऊ में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय (पूर्व मंत्री) ने जानकारी दी कि इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बाबू जगजीवन राम की सुपुत्री एवं पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार तथा मुख्य वक्ता के रूप में दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रो. रतन लाल विशेष रूप से शामिल होंगे।उन्होंने बताया कि इस अवसर पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा अनुसूचित जाति के वर्तमान एवं पूर्व सांसदों एवं विधायकों के साथ-साथ समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले अनुसूचित जाति वर्ग के व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा।अजय राय ने कहा कि बाबू जगजीवन राम ने अपने जीवन में सामाजिक समता, न्याय और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। समता दिवस के आयोजन का उद्देश्य उनके आदर्शों को आगे बढ़ाना तथा समाज में समानता और सामाजिक न्याय के प्रति जागरूकता को सुदृढ़ करना है।उन्होंने कहा कि बाबू जगजीवन राम ने देश के कृषि मंत्री के रूप में हरित क्रांति को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई तथा रक्षा मंत्री के रूप में वर्ष 1971 के युद्ध में अपनी अहम जिम्मेदारी निभाई। उन्होंने कहा कि बाबू जगजीवन राम के सामाजिक न्याय के सिद्धांतों को जननायक राहुल गांधी समर्पण के साथ आगे बढ़ा रहे हैं और उत्तर प्रदेश में कार्यकर्ता इस मुहिम को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

