लखनऊ, 2 अप्रैल (आरएनएस )। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने बलिया जाते समय गाजीपुर जनपद में निरीक्षण के दौरान 11 केवी विद्युत लाइन मानक से अधिक नीचे पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। मंत्री के निर्देश पर विभाग ने संबंधित अवर अभियंता को निलंबित करते हुए अधिशासी अभियंता के विरुद्ध भी कार्रवाई शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा द्वारा विद्युत वितरण मंडल गाजीपुर के अंतर्गत विद्युत वितरण खंड जंगीपुर क्षेत्र में महरौर से रसड़ा मार्ग पर निरीक्षण किया गया। इस दौरान 11 केवी विद्युत लाइन मानक से अधिक नीचे पाई गई, जिसे गंभीर लापरवाही मानते हुए उन्होंने तत्काल संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।ऊर्जा मंत्री के निर्देशों के अनुपालन में विद्युत उपकेंद्र महरौर के अवर अभियंता धर्मेंद्र पाल को विभागीय उत्तरदायित्व के निर्वहन में घोर लापरवाही बरतने का प्रथम दृष्टया दोषी पाते हुए देर रात निलंबित कर दिया गया। इसके साथ ही अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड जंगीपुर, गाजीपुर प्रवीण कुमार तिवारी को भी आरोप पत्र निर्गत किया गया है।मंत्री ए.के. शर्मा ने स्पष्ट कहा कि विद्युत व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही, विशेषकर सुरक्षा मानकों से जुड़ी अनदेखी, किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को सभी विद्युत लाइनों का मानकों के अनुरूप रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे आम जनता की सुरक्षा के साथ-साथ निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनी रहे।उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश सरकार नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है और इसमें लापरवाही करने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

