लखनऊ 2 अप्रैल (आरएनएस )। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जीत हासिल कर सरकार बनाना पार्टी का मुख्य लक्ष्य है। इसके लिए पूरी तैयारी के साथ काम करते हुए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश को बर्बाद कर दिया है और भ्रष्टाचार, महंगाई तथा बेरोजगारी से जनता त्रस्त है।अखिलेश यादव ने बृहस्पतिवार को समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में आयोजित पार्टी के सभी जिला, महानगर एवं विधानसभा अध्यक्षों की बैठक को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने संगठनात्मक गतिविधियों एवं 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में भाजपा द्वारा सत्ता के दुरुपयोग और भावी चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई।उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के सत्ता में रहते लगभग दस वर्ष होने वाले हैं और इस अवधि में सत्ता का बड़े पैमाने पर दुरुपयोग हुआ है। उन्होंने कहा कि संविधान का मुद्दा महत्वपूर्ण है और समाजवादी पार्टी के लिए संविधान सर्वोपरि है। उन्होंने यह भी कहा कि वर्ष 2024 के चुनाव में बेईमानी के बावजूद समाजवादी पार्टी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि विधानसभा चुनाव को लेकर किसी तरह का भ्रम न रखें और इस बार कोई चूक न होने पाए। उन्होंने 2027 के चुनाव को ‘करो मरोÓ का लक्ष्य बताते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश को खोना लोकतंत्र के लिए खतरा साबित हो सकता है।अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने प्रदेश की जनता को धोखा दिया है और समाजवादी पार्टी सत्य, लोकतांत्रिक और सेकुलर रास्ते पर चलने वाली पार्टी है, जो अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से हर वर्ग प्रभावित है तथा पीडीए की बढ़ती ताकत से भाजपा अवसाद में है।उन्होंने सामाजिक न्याय की स्थापना के लिए भाजपा को सत्ता से बाहर करने का आह्वान करते हुए कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर काम करने, आपसी सम्मान बनाए रखने तथा शिक्षक-स्नातक एमएलसी चुनाव में पार्टी प्रत्याशियों की मदद करने को कहा।बैठक में पदाधिकारियों ने वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने और अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प लिया। बैठक को राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव, पूर्व सांसद उदय प्रताप सिंह ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी, संजय लाठर, प्रो. सुधीर पंवार, जावेद आब्दी, उदयवीर सिंह, सुनील सिंह साजन सहित अन्य प्रमुख नेता उपस्थित रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

