लखनऊ 2 अप्रैल (आरएनएस )। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि दादरी में समाजवादी पार्टी को मिले जनसमर्थन से भाजपा के होश उड़ गए हैं। रैली के बाद सरकार के लोगों की भाषा बदल गई है और अब वे जेपीएनआईसी, गोमती रिवरफ्रंट और मेट्रो जैसी परियोजनाओं की चर्चा करने लगे हैं, जबकि इन परियोजनाओं की शुरुआत समाजवादी सरकार के समय हुई थी।अखिलेश यादव ने समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में जिला संगठनों की बैठक के बाद आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि पार्टी संगठन ने वर्ष 2024 के चुनाव में शानदार कार्य किया और पीडीए की आवाज को मजबूती से उठाया। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय की स्थापना के लिए सभी कार्यकर्ताओं ने मिलकर सरकार बनाने का संकल्प लिया है।उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे अन्य राज्यों के विधानसभा चुनाव समाप्त होंगे, भाजपा की पूरी ताकत उत्तर प्रदेश में केंद्रित हो जाएगी। ऐसे में संगठन के कार्यकर्ताओं को सतर्क रहकर भाजपा की साजिशों को नाकाम करना होगा और प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के लिए जमीन पर काम करना होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि समाजवादी सरकार बनने पर जनता के बुरे दिन समाप्त हो जाएंगे।अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि चुनाव के दौरान अधिकारियों की तैनाती आयोग के निर्देश पर होती है और किसी भी घटना की जिम्मेदारी भी आयोग की होती है। उन्होंने पश्चिम बंगाल में अधिकारियों के स्थानांतरण का उल्लेख करते हुए पूछा कि क्या उत्तर प्रदेश में भी इसी तरह कार्रवाई की जाएगी।नकली नोट और अन्य मामलों का उल्लेख करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कई अवैध गतिविधियां चल रही हैं और इनमें भाजपा से जुड़े लोगों की भूमिका सामने आ रही है। उन्होंने किसानों की समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा कि खेती की लागत लगातार बढ़ रही है, जबकि किसानों की आय दोगुनी करने का वादा पूरा नहीं किया गया। खाद, बीज और कीटनाशकों के दाम बढऩे से किसान परेशान हैं और सरकार द्वारा आलू खरीदने का वादा भी पूरा नहीं किया गया।उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार के सारे रिकॉर्ड टूट गए हैं। ग्रीन कॉरिडोर और जल जीवन मिशन जैसी परियोजनाओं में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हुई हैं। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी सरकार के दौरान किसानों को जमीन के लिए बाजार भाव से मुआवजा दिया गया था और आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे जैसे बड़े प्रोजेक्ट रिकॉर्ड समय में पूरे किए गए थे।अखिलेश यादव ने कहा कि आने वाले समय में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर किसानों को उनकी जमीन के लिए बाजार दर पर उचित मुआवजा दिया जाएगा और विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

