लखनऊ/आगरा 2 अप्रैल (आरएनएस )। आम आदमी पार्टी, उत्तर प्रदेश द्वारा प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह के नेतृत्व में ब्रजप्रांत के अंतर्गत 3 अप्रैल 2026 से 9 अप्रैल 2026 तक आगरा से मथुरा तक ‘रोजगार दो-सामाजिक न्याय दोÓ पदयात्रा आयोजित की जाएगी। इस पदयात्रा का शुभारंभ 3 अप्रैल को दोपहर 12:30 बजे शहीद स्मारक, संजय पैलेस, आगरा से किया जाएगा।ब्रजप्रांत अध्यक्ष डॉ. हृदेश चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि यह पदयात्रा अभियान के चौथे चरण का हिस्सा है। इससे पहले आयोजित तीनों चरणों की पदयात्राओं को प्रदेश की जनता का व्यापक समर्थन मिला है। उन्होंने बताया कि यह पदयात्रा आगरा से हाथरस होते हुए मथुरा तक जाएगी और पहले दिन किदवई पार्क, सेंट जॉन्स चौराहे के पास आगरा में एक सार्वजनिक सभा भी आयोजित की जाएगी।डॉ. हृदेश चौधरी ने कहा कि इस पदयात्रा के माध्यम से युवाओं को रोजगार, वंचित वर्गों को सामाजिक न्याय तथा प्रदेश में व्याप्त भ्रष्टाचार और कुशासन के खिलाफ व्यापक जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं, किसानों, मजदूरों और शोषित वर्गों के अधिकारों की लड़ाई का सशक्त मंच बनेगा।उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी बढ़ रही है और नौजवान रोजगार के लिए भटक रहे हैं, जबकि सामाजिक न्याय की स्थिति लगातार कमजोर हो रही है। सरकार केवल घोषणाओं और प्रचार तक सीमित है, जबकि आम जनता को न रोजगार मिल रहा है और न ही न्याय मिल पा रहा है।डॉ. चौधरी ने बताया कि पदयात्रा के दौरान गांव-गांव और शहर-शहर जाकर लोगों से संवाद किया जाएगा और उनकी समस्याएं सुनी जाएंगी। साथ ही सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली को लेकर जनता के बीच जागरूकता बढ़ाई जाएगी। उन्होंने प्रदेश की जनता, विशेषकर युवाओं और वंचित वर्गों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस पदयात्रा में शामिल होकर अपने अधिकारों की आवाज बुलंद करें।उन्होंने बताया कि इच्छुक नागरिक 7500040004 नंबर पर मिस्ड कॉल देकर भी इस पदयात्रा से जुड़ सकते हैं। इस पदयात्रा में पार्टी के विधायक, वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

