लखनऊ 2 अप्रैल (आरएनएस )। कमिश्नरेट लखनऊ में अपराध नियंत्रण एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बिजनौर पुलिस ने कूटरचित व फर्जी तरीके से वसीयत तैयार कर भूमि हड़पने के मामले में एक आरोपी महिला को गिरफ्तार किया है।पुलिस के अनुसार, 12 नवम्बर 2025 को विनय कुमार निवासी ग्राम बलसिंहखेड़ा, परवर पश्चिम थाना बिजनौर ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि आशीष कुमारी उर्फ राजरानी, राजेन्द्र, पुनीत कुमार यादव और राजकुमारी द्वारा कूटरचित व फर्जी वसीयत तैयार कर उनकी भूमि हड़प ली गई। साथ ही वादी और उसके भाई के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी गई। इस संबंध में थाना बिजनौर में मु0अ0सं0 319/2025 के तहत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।मामले की जांच के दौरान नामजद अभियुक्ता आशीष कुमारी उर्फ राजरानी की लगातार तलाश की जा रही थी। इसी क्रम में 2 अप्रैल 2026 को थाना बिजनौर पुलिस टीम ने अभियुक्ता को उसके निवास स्थान के सामने से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद अभियुक्ता को संबंधित धाराओं से अवगत कराते हुए विधिक कार्रवाई पूरी कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।पुलिस के मुताबिक, अभियुक्ता द्वारा वादी की भूमि को धोखाधड़ी कर हड़पने के उद्देश्य से फर्जी वसीयत तैयार कराई गई थी। इस प्रकरण में अन्य नामजद आरोपियों की तलाश जारी है।इस कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक कपिल गौतम के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने अंजाम दिया, जिसमें उपनिरीक्षक दयाराम साहनी, हेड कांस्टेबल राजीव कुमार यादव एवं महिला कांस्टेबल पल्लवी शुक्ला शामिल रहीं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

