लखनऊ 2 अप्रैल (आरएनएस )। नगर निगम लखनऊ द्वारा शहर के समग्र विकास और नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में गुरुवार को एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। जोन-1 अंतर्गत झंडी वाला पार्क में आयोजित कार्यक्रम में लगभग ?2962.60 लाख की लागत से निर्मित सड़कों, नालियों और पार्कों सहित कुल 456 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया। इसी अवसर पर कल्याण मंडपों एवं सामुदायिक केंद्रों की ऑनलाइन बुकिंग के लिए पोर्टल का भी शुभारंभ किया गया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महापौर सुषमा खर्कवाल उपस्थित रहीं। उन्होंने विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण कर उन्हें शहरवासियों को समर्पित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के माध्यम से शहर में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत किया गया है, जिसमें सड़कों का निर्माण एवं चौड़ीकरण, नालियों का सुदृढ़ीकरण तथा पार्कों का सौंदर्यीकरण शामिल है। इन कार्यों से यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और स्वच्छता व हरित वातावरण को भी बढ़ावा मिलेगा।कार्यक्रम में कार्यकारिणी उपाध्यक्ष चरनजीत गांधी, उपनेता पार्षद दल भाजपा सुशील तिवारी ‘पम्मीÓ, नगर आयुक्त गौरव कुमार, जोन-1 के पार्षद सफीकुर रहमान ‘चचाÓ, गिरीश गुप्ता, आशीष हितैषी, यावर हुसैन रेशु, अपर नगर आयुक्त पंकज श्रीवास्तव, अरुण कुमार गुप्त, मुख्य अभियंता महेश वर्मा, नगर अभियंता अतुल मिश्रा सहित कई पार्षद, अधिकारी, कर्मचारी एवं मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे।महापौर सुषमा खर्कवाल ने अपने संबोधन में कहा कि लगभग ?2962.60 लाख की लागत से तैयार 456 परियोजनाएं लखनऊ के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव हैं। उन्होंने कहा कि लखनऊ एक ऐतिहासिक और सांस्कृतिक नगरी होने के साथ तेजी से विकसित होता आधुनिक शहर भी है, ऐसे में विकास और विरासत के बीच संतुलन बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि विकास कार्यों के साथ उनकी देखभाल भी जरूरी है और सभी लोग स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें।कार्यक्रम के दौरान नगर निगम द्वारा कल्याण मंडपों और सामुदायिक केंद्रों की ऑनलाइन बुकिंग सुविधा का शुभारंभ भी किया गया। इस नई व्यवस्था के तहत नागरिक अब घर बैठे ही विभिन्न मंडपों और सामुदायिक केंद्रों की उपलब्धता देख सकेंगे तथा ऑनलाइन बुकिंग कर सकेंगे। इस पहल से ई-गवर्नेंस को बढ़ावा मिलेगा, पारदर्शिता बढ़ेगी और नागरिकों को कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी।नगर निगम द्वारा महानगर, जियामऊ, मानसरोवर, विकास नगर, आनंद नगर, सरस्वती नगर, लालबंगला, नरही, गणेशगंज और सरोजनी नगर सहित विभिन्न क्षेत्रों के कल्याण मंडपों एवं सामुदायिक केंद्रों के लिए निर्धारित शुल्क भी जारी किए गए हैं, जिनकी बुकिंग अब ऑनलाइन माध्यम से की जा सकेगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

