कोटद्वार 2 अप्रैल (आरएनएस)। शहर की मुख्य सड़कों और सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त रखने समेत कई मांगों को लेकर नागरिक मंच ने गोखले मार्ग पर नगर निगम के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि नगर निगम की लचर कार्यशैली का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। बृहस्पतिवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कोटद्वार नागरिक मंच के अध्यक्ष सीपी नैथानी और महासचिव अतुल भट्ट की अगुवाई में सदस्य गोखले मार्ग में एकत्र हुए। प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम क्षेत्र के तहत स्टेशन रोड, पटेल मार्ग, गोखले मार्ग, गंगादत्त जोशी मार्ग व लकड़ी पड़ाव की 61 बीघा भूमि से अतिक्रमण हटाने, राजकीय स्टेडियम लकड़ी पड़ाव को अतिक्रमण मुक्त करने की मांग उठाई। प्रदर्शनकारी ट्रंचिंग ग्राउंड को कंचनपुरी में शिफ्ट करने, मोटर नगर अधूरे पड़े बस अड्डे को पार्किंग स्थल में तब्दील करने, निराश्रित पशुओं की व्यवस्था करने, नालियों एवं शौचालयों की समुचित सफाई करने, वाचनालय बनाने एवं बच्चों के लिए पार्क की सुविधाएं जुटाने की मांग कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों में महावीर सिंह रावत, गोविंद डंडरियाल, मुजीब नैथानी, उमेद सिंह रावत, विजय माहेश्वरी, जनाद्र्धन ध्यानी, रामकृष्ण देवरानी, चित्रमणि देवलियाल, प्रवेश नवानी, गोपालकृष्ण बड़थ्वाल और जयवीर सिंह रावत समेत कई लोग शामिल रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

