ऋषिकेश 2 अप्रैल (आरएनएस)। श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विवि परिसर ऋषिकेश में चल रहे लैब ऑन व्हील्स प्रशिक्षण के दूसरे दिन गुरुवार को छात्रों को ऑटोमेशन विषय पर प्रशिक्षण दिया गया। इन्फोसिस के रिसोर्स पर्सन एवं टेक्निकल ऑफिसर अमित कुमार द्वारा विद्यार्थियों को उभरती तकनीकों से संबंधित व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। डिग्री कॉलेज परिसर में दूसरे दिन छात्रों ने ट्रैफिक लाइट सिस्टम कार्य संचालन एवं उसके प्रोटोटाइप, मॉल में उपयोग होने वाले स्मोक डिटेक्टर एलार्म सिस्टम, सेंसर आधारित स्ट्रीट लाइट के ऑटोमैटिक ऑन ऑफ सिस्टम के बारे में जाना, जिसमें छात्रों को वास्तविक जीवन में उपयोग होने वाली तकनीकों की समझ विकसित करने का अवसर मिला। बीसीए समन्वयक डॉ. गौरव वाष्र्णेय ने विद्यार्थियों को कार्यक्रम के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि छात्रों को एआई, मशीन लर्निंग, इंटरनेट ऑफ थिंग्स समेत आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक अनुभव प्रदान किया जा रहा है। इन्फोसिस द्वारा संचालित यह मोबाइल लैब छात्रों को इंटरैक्टिव लर्निंग, लाइव प्रोजेक्ट्स पर कार्य करने और विभिन्न उद्योगों में प्रौद्योगिकी के वास्तविक अनुप्रयोग को समझने का अवसर प्रदान करती है। परिसर निदेशक प्रो. महावीर सिंह रावत ने कहा कि यह कार्यक्रम कला, विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय के सभी विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध है, जिससे अधिक से अधिक छात्र-छात्राएं लाभान्वित हो सकेंगे। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ उन्हें रोजगार के बेहतर अवसरों के लिए भी तैयार करते हैं। कार्यक्रम में आईक्यूएसी संयोजक प्रो जीके धींगरा, ऑनलाइन पाठ्यक्रम संयोजक डॉ. सीमा बैनीवाल, बीसीए विभाग की फैकल्टी डॉ. शिखा, मोनिका यादव, कविता, डॉ. मोनिका तथा इन्फोसिस स्प्रिंगबोर्ड टीम के सदस्य राहुल चौधरी, अनुज चौधरी एवं रामू कुमार उपस्थित रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

