– समाधान प्रकोष्ठ के तहत साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा निर्देश
सिरसा 3 अप्रैल (आरएनएस)। उपायुक्त शांतनु शर्मा ने कहा कि जिला व उपमंडल स्तर पर आयोजित होने वाले समाधान शिविरों में आने वाली जन शिकायतों का संबंधित विभाग प्राथमिकता से निवारण करें और शिकायतकर्ता को इस संबंध में अवगत भी करवाया जाए। यदि किसी समस्या के समाधान में किसी प्रकार की समस्या आती है तो उच्च अधिकारियों को अवगत करवाएं।
ये निर्देश उपायुक्त शांतनु शर्मा ने शुक्रवार को समाधान प्रकोष्ठ के तहत साप्ताहिक समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए। इससे पहले खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के प्रधान सचिव डी. सुरेश ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जिला में समाधान शिविर, जन संवाद, सीएम विंडो, एसएमजीटी में प्राप्त शिकायतों के निपटान के लिए अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
उपायुक्त शांतनु शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि आमजन की जन शिकायतों का स्थाई समाधान हो और संबंधित विभाग आपस में सामंजस्य बनाकर जन शिकायतों का हल करें। उन्होंने मुख्य रूप से पुलिस विभाग, बिजली विभाग सहित अन्य विभागों से संबंधित शिकायतों की समीक्षा की और जल्द समाधान के निर्देश दिए ताकि पात्र लोगों को सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों का समय पर लाभ मिल सके।
उपायुक्त ने बताया कि समाधान शिविर में आई 7651 शिकायतों में से 5956 का समाधान किया जा चुका है। 205 शिकायतों पर कार्य चल रहा है, 1080 शिकायतें रिजेक्ट हो चुकी हैं, जबकि 332 शिकायतों को रिओपन किया गया है तथा 78 शिकायतें न्यायालयों के अधीन है। उन्होंने बताया कि सप्ताह में प्रत्येक सोमवार व वीरवार को प्रात: 10 से 12 बजे तक जिला व उपमंडल पर समाधान शिविर लगाया जाता है। सिरसा में समाधान शिविर का आयोजन लघु सचिवालय के कमरा नम्बर 63 में होता है। आमजन की कोई भी समस्या हो, उसे समाधान शिविर में रखें और उसका समाधान करवाएं। इसके अलावा उपमंडल स्तर पर भी नागरिकों की सुविधा के लिए समाधान शिविर का आयोजन किया जाता है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

