चेन्नई ,03 अपै्रल (आरएनएस)। तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने शुक्रवार को अपने 27 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। हैरानी वाली बात ये है कि पार्टी ने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के अन्नामलाई को टिकट नहीं दिया है, जबकि केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन और तेलंगाना की पूर्व राज्यपाल तमिलिसाई सौंदराजन को उतारा गया है। अन्नामलाई को टिकट न देने के पीछे अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कडग़म (एआईएडीएमके) का विरोध बताया जा रहा है, जिसका अन्नामलाई से 36 का आंकड़ा है।
तमिलनाडु की 234 सदस्यीय विधानसभा के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) में शामिल एआईएडीएमके को 167, भाजपा को 27, पट्टाली मक्कल काची को 18, टीटीवी दिनाकरन की अम्मा मक्कल मुनेत्र कडग़म को 11 और 11 सीटें अन्य 6 स्थानीय पार्टियों में बांटी गई है। अन्नामलाई को कवुंदमपलयम या सिंगनल्लूर से उतारने की संभावना थी। पार्टी ने दलित समाज से मुरुगन, मायलापुरम से तमिलिसाई और कोयंबटूर (उत्तर) पर वर्तमान विधायक वनथी श्रीनिवासन को उतारकर बड़ा दांव चला है।
तमिलनाडु में विधानसभा की 234 सीटों के लिए एक ही चरण में चुनाव 23 अप्रैल को होंगे, जबकि पड़ोसी राज्य पुडुचेरी में 30 सीटों पर 9 अप्रैल को मतदान होगा। परिणाम 4 मई को आएंगे। इस बार चुनाव में कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा। सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कडग़म अपनी वापसी का दावा कर रही है, जबकि उनके सामने एनडीए के अलावा अभिनेता से राजनेता बने थलापति विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कडग़म भी है।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

