दुर्ग 3 अप्रैल 2026 (आरएनएस) घर के भीतर शुरू हुआ विवाद अचानक खौफनाक हिंसा में बदल गया… और गाली-गलौज से शुरू हुई बात धारदार हथियार से हमले तक पहुंच गई, लेकिन जामुल पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। दुर्ग जिले के थाना जामुल क्षेत्र में 02 अप्रैल 2026 को हाउसिंग बोर्ड भिलाई में उस वक्त सनसनी फैल गई जब आदित्य नगर दुर्ग निवासी प्रार्थिया हर्षा माण्डरे अपनी भतीजी के घर आई हुई थीं और उसी दौरान भतीजी के पति ने अचानक गाली-गलौज शुरू कर दी, बात बढ़ी तो मारपीट की और फिर घर में रखे धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना जामुल पुलिस हरकत में आई, प्रार्थिया की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 200/2026 के तहत धारा 296, 351(3), 115(2) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया और तत्काल जांच शुरू की गई, पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की, इलाके में घेराबंदी की गई और आखिरकार आरोपी सुदीप जाधव, उम्र 40 वर्ष, निवासी हाउसिंग बोर्ड भिलाई को पकड़ लिया गया, पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार भी बरामद कर लिया है, जिससे यह साफ हो गया कि घरेलू विवाद किस तरह हिंसक रूप ले सकता है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रामेन्द्र सिंह के नेतृत्व में सउनि महफूज खान, आरक्षक महात्मा साहू, अतुल सिंह, तोषण चन्द्राकर, चंदन सिंह और संतोष की टीम ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि घरेलू विवाद की स्थिति में कानून का सहारा लें और हिंसा से दूर रहें, क्योंकि गुस्से का एक पल जिंदगी भर का पछतावा बन सकता है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

