जांजगीर-चांपा, 03 अप्रैल (आरएनएस)। जिले के खपरी गांव में हुए सनसनीखेज डबल मर्डर केस का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। वृद्ध साहू दंपती की हत्या गांव के ही दो नशेडिय़ों ने होली का मुखौटा पहनकर की थी। इस पूरे मामले का मास्टरमाइंड शादी में फोटोग्राफी करने आया गजेंद्र पाल निकला।पुलिस जांच में सामने आया कि घटना से तीन दिन पहले मृतक छतराम साहू के घर शादी थी, जहां आरोपी गजेंद्र पाल ने फोटोग्राफी की थी। इसी दौरान उसने घर की रेकी की और बाद में अपने साथी सुरेंद्र यादव के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।घटना के दौरान आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए होली के मुखौटे का इस्तेमाल किया। हत्या के समय गजेंद्र पाल के हाथ में चोट लग गई थी, जो पुलिस के लिए अहम सुराग साबित हुई।जांच के दौरान घटनास्थल से मिले खून सने पैर के निशान और अन्य सबूतों के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की पहचान की। साथ ही 50 से अधिक निगरानी बदमाशों की सूची बनाकर पूछताछ की गई।पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी के पिता और उसके बेटे ने उसे फरार होने में मदद की। पुलिस ने सभी 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू और बाइक जब्त की गई है। पुलिस का कहना है कि मामले में मजबूत साक्ष्य जुटाए गए हैं और आरोपियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

