उप मुख्यमंत्री से नवनिर्मित चैंबर के शीघ्र आवंटन का उठाया मुद्दा
प्रयागराज 3 अप्रैल (आरएनएस)। इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के संयुक्त सचिव प्रेस रामेश्वर दत्त पांडेय आरडी ने उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से उनके दो दिवसीय प्रयागराज प्रवास के दौरान आज शिष्टाचार भेंट की। भेंट में श्री पांडेय ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के अधिवक्ताओं की विभिन्न समस्याओं को गंभीरता से उप मुख्यमंत्री के समक्ष रखा।
उन्होंने मुलाकात के दौरान अधिवक्ताओं के लिए उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा नवनिर्मित चैंबर के शीघ्र आवंटन का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। श्री पांडेय ने उप मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि भीषण गर्मी के शुरू होने से पहले ही चैंबर का आवंटन अधिवक्ताओं को कर दिया जाए, ताकि उन्हें राहत मिल सके। उन्होंने बताया कि वर्तमान में कई अधिवक्ता बैठने के लिए उचित स्थान के अभाव में सड़क किनारे, टीन शेड या पुल के नीचे बैठकर कार्य करने को मजबूर हैं, जो कि दुर्भाग्यपूर्ण है।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने इस विषय को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया है कि वह इस संबंध में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शीघ्र वार्ता करेंगे और अधिवक्ताओं के हित में जो भी उचित होगा, वह निर्णय लेंगे। इस अवसर पर संयुक्त सचिव प्रेस रामेश्वर दत्त पांडेय आरडी ने उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन द्वारा प्रकाशित डायरी स्मृति चिन्ह के रूप में भेंट की।
इस मौके पर महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, वरुण केशरवानी, अधिवक्ता कमल देव पांडेय, अवधेश गुप्ता, मीडिया प्रभारी पवन श्रीवास्तव, आशीष गुप्ता, अधिवक्ता विजय द्विवेदी, पुष्कर मिश्रा, श्याम मिश्रा, नवीन तिवारी, सौरभ मिश्रा, अजय सिंह, आंचल ओझा आदि उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

