-अकबरपुर-अयोध्या-बाराबकी रेल सेक्शन पर यातायात होगा सुगम, लगभग 96 करोड़ की लागत से होगा निर्माण
-सम्पार संख्या 125सी पर जाम से मिलेगी राहत, दो लेन सेतु निर्माण शुरू होगा
-उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम लिमिटेड को सौंपी गई निर्माण की जिम्मेदारी
अयोध्या 3 अप्रैल (आरएनएस)। अयोध्या-रायबरेली मार्ग पर यातायात को सुगम बनाने और रेलवे समपार पर लगने वाले जाम से स्थायी राहत दिलाने की दिशा में एक बड़ी सौगात दी है। अकबरपुर-अयोध्या-बाराबंकी रेल सेक्शन के किमी 975/20-22 पर स्थित सम्पार संख्या 125सी पर दो लेन रेल उपरिगामी सेतु (आरओबी) का निर्माण कार्य शुरू होने जा रहा है। इस परियोजना राज्यपाल ने भी अपनी स्वीकृति प्रदान कर दी है। परियोजना की कुल अनुमोदित लागत 9681.73 लाख रुपये (लगभग 96.82 करोड़ रुपये) है। इसमें मुख्य सेतु (रेलवे भाग) की लागत 3528.19 लाख रुपये, यूटिलिटी शिफ्टिंग 52.27 लाख रुपये, भूमि अधिग्रहण 1372.85 लाख रुपये और पहुँच मार्ग आदि की लागत 4728.42 लाख रुपये शामिल है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में पहले चरण में 2153.73 लाख रुपये की राशि जारी कर दी गई है।
यह परियोजना उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम लिमिटेड को सौंपी गई है। परियोजना प्रबंधक रोहित अग्रवाल इसके क्रियान्वयन की जिम्मेदारी संभालेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल पर यह स्वीकृति मिली है, जो अयोध्या क्षेत्र में बुनियादी ढांचे के विकास को नया आयाम देगी। सम्पार संख्या 125सी पर वर्तमान में भारी वाहनों और आम यातायात के कारण अक्सर जाम लगता है, जिससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को काफी परेशानी होती है। नया दो लेन रेल उपरिगामी सेतु बनने से रेल और सड़क यातायात पूरी तरह अलग हो जाएगा। इससे न केवल जाम की समस्या समाप्त होगी, बल्कि अकबरपुर-अयोध्या-बाराबंकी रेल खंड पर ट्रेनों का संचालन भी अधिक सुगम और सुरक्षित हो जाएगा।
यह सेतु अयोध्या धाम के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। राम मंदिर दर्शन के लिए आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। साथ ही स्थानीय व्यापार, परिवहन और रोजमर्रा की गतिविधियों में तेजी आएगी। लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता (सेतु) के पत्र के आधार पर राज्यपाल ने इस परियोजना को प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होने की उम्मीद है। उत्तर प्रदेश सरकार अयोध्या को विश्व स्तरीय पर्यटन और धार्मिक केंद्र बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इस आरओबी निर्माण को भी उसी दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। परियोजना पूरी होने पर अयोध्या-रायबरेली मार्ग पर यातायात की रफ्तार बढ़ेगी और दुर्घटना की आशंका भी काफी कम हो जाएगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

