मीडिया को दोष देकर बच नहीं सकती भाजपा; जनता से माफी मांगे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व नेता प्रतिपक्ष
अपराधियों की वाशिंग मशीन बनी भाजपा; आलोक दूबे का बड़ा हमला
रांची 3 अप्रैल (आरएनएस)। प्रदेश कांग्रेस कमिटी के महासचिव आलोक कुमार दूबे ने विष्णुगढ़ की घटना को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि इस कांड का मुख्य आरोपी भीम कुमार भाजपा का न सिर्फ सक्रिय कार्यकर्ता है, बल्कि वह पदाधिकारी भी रह चुका है और पूरे घटनाक्रम के दौरान प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के साथ देखा गया है। दूबे ने आरोप लगाया कि भाजपा का चरित्र अब पूरी तरह उजागर हो चुका है।उन्होंने कहा कि अपराधियों, असामाजिक तत्वों, माफियाओं और दुष्कर्मियों के साथ भाजपा का गठबंधन कोई नई बात नहीं है, बल्कि यह पार्टी लंबे समय से ऐसे तत्वों को संरक्षण देती रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भ्रष्टाचारियों और अपराधियों के लिए भाजपा एक वाशिंग मशीन बन चुकी है, जिसमें घुसते ही उनका चरित्र साफ-सुथरा दिखने लगता है। उन्होंने कहा कि विष्णुगढ़ की सच्चाई को मीडिया ने पूरी ईमानदारी से दिखाया है, लेकिन भाजपा नेता मीडिया पर ही सवाल उठाकर अपनी जिम्मेदारी से भागने की कोशिश कर रहे हैं। दूबे ने स्पष्ट कहा कि सच यही है कि मुख्य आरोपी भाजपा से जुड़ा पदाधिकारी है, और इस सच्चाई से भाजपा भाग नहीं सकती। आलोक कुमार दूबे ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और विधायक दल के नेता से राज्य की जनता के सामने सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग करते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि भाजपा अपने दोहरे चरित्र पर जवाब दे और जनता को सच्चाई बताए।.
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

