-विद्यार्थियों को बैंकिंग एवं वित्तीय क्षेत्र में रोजगार के अवसरों से कराया गया अवगत
अयोध्या ,04 अपै्रल (आरएनएस)।। साकेत महाविद्यालय के करियर काउंसिलिंग एंड प्लेसमेंट सेल द्वारा दो प्रतिष्ठित कंपनियों के सहयोग से कैंपस सिलेक्शन से संबंधित एक महत्वपूर्ण सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बैंकिंग एवं वित्तीय क्षेत्र में रोजगार के अवसरों से अवगत कराया गया। ेमिनार में एनआईआईटी लिमिटेड के करियर काउंसलर आशुतोष शुक्ला ने विद्यार्थियों को आईसीआईसीआई बैंक में प्लेसमेंट की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी तथा इच्छुक अभ्यर्थियों का इंटरव्यू भी लिया। वहीं इमार्टिकस लर्निंग के असिस्टेंट डायरेक्टर कौशल सिंह एवं करियर काउंसलर उत्कर्ष सोनी ने विशेष रूप से कॉमर्स एवं मैथ वर्ग के विद्यार्थियों को ध्यान में रखते हुए ऑनलाइन टेस्ट आयोजित कराया। इस दौरान प्रतिभागी विद्यार्थियों ने आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक, एक्सिस बैंक, जेपीमॉर्गन चेस, बैंक ऑफ अमेरिका, एचएसबीसी तथा गोल्डमैन सैक्स जैसी प्रतिष्ठित संस्थाओं में चयन हेतु अपना बायोडाटा प्रस्तुत किया और साक्षात्कार में भाग लिया।
दोनों कंपनियों के काउंसलरों ने आयोजन समिति की सराहना करते हुए विद्यार्थियों की प्रतिभा की प्रशंसा की और उनके चयन के प्रति सकारात्मक आश्वासन दिया। साथ ही इमार्टिकस लर्निंग द्वारा विशेष रूप से कॉमर्स के विद्यार्थियों के लिए अलग से प्लेसमेंट वर्कशॉप आयोजित करने का प्रस्ताव भी रखा गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. दानपति तिवारी ने की। मंच संचालन डॉ. रीमा सोनकर द्वारा तथा धन्यवाद ज्ञापन करियर काउंसिल के कोऑर्डिनेटर डॉ. संतोष कुमार ने किया। सेमिनार में प्रतिभागी विद्यार्थियों के अतिरिक्त प्रथम एवं द्वितीय सेमेस्टर के छात्र-छात्राएं भी उपस्थित रहे। प्राध्यापकों में डॉ. जनमेजय तिवारी, डॉ. लवलेश मिश्र, डॉ. ब्रजेश कुमार, मृणालिनी, डॉ. कोमल गुप्ता, डॉ. राजकुमार गुप्ता, डॉ. प्रशांत पाण्डेय, योगेंद्र कुमार सिंह, डॉ. विजय सिंह राठौर, डॉ. अखिलेश कुमार, डॉ. हरनाम सिंह लोधी एवं डॉ. प्रशांत कुमार की उपस्थिति उल्लेखनीय रही। यह जानकारी सह मीडिया प्रभारी डॉक्टर रामलाल विश्वकर्मा ने दी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

