विपक्ष में बेचैनी, सत्ता से बाहर रहने के कारण बौखलाहट में हैं
डिप्टी सीएम ने विकास कार्यों की समीक्षा
प्रयागराज ,04 अपै्रल (आरएनएस)। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने प्रयागराज दौरे के दूसरे और अंतिम दिन सर्किट हाउस में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों के साथ योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की और पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। साथ ही उन्होंने आम जनता की समस्याएं भी सुनीं और उनके समाधान के निर्देश दिए।
इस दौरान मीडिया से बातचीत में डिप्टी सीएम ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने राहुल गांधी, अखिलेश यादव और ममता बनर्जी पर हमला बोलते हुए कहा कि ये सभी नेता सत्ता से बाहर रहने के कारण बौखलाहट में हैं। उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में भी ममता बनर्जी को अपनी सत्ता जाते हुए दिखाई दे रही है। श्री मौर्य ने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल का विकास ठप हो गया है। उन्होंने कहा कि कभी जिस राज्य की तुलना महाराष्ट्र से की जाती थी, आज वह विकास के मामले में पिछड़ गया है। उन्होंने इसके लिए पूर्व की कम्युनिस्ट सरकार और वर्तमान टीएमसी सरकार को जिम्मेदार ठहराया।
अखिलेश यादव के हमलों पर पलटवार करते हुए मौर्य ने कहा कि उनके खिलाफ जितने भी आरोप लगाए जा रहे हैं, उनका जवाब प्रदेश की जनता देगी। उन्होंने कहा कि 2017 में जनता ने समाजवादी पार्टी को सत्ता से हटाकर विकास का रास्ता चुना और अब भी सपा की वापसी संभव नहीं दिखती। ग्रीन कॉरिडोर के मुद्दे पर भी उन्होंने अखिलेश यादव को घेरते हुए कहा कि सपा सरकार के दौरान प्रदेश में विकास कार्य नहीं हुए, जिससे जनता निराश थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब थी और महिलाओं व व्यापारियों की सुरक्षा खतरे में थी। उन्होंने सपा सरकार के कार्यकाल को अराजकता से जोड़ते हुए कहा कि उस दौर को जनता आज भी याद कर सिहर उठती है।
इस अवसर पर क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता, भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, भाजपा जिला अध्यक्ष यमुना पार राजेश शुक्ला, गंगा पार जिला अध्यक्ष निर्मला पासवान, सांसद प्रवीण पटेल, विधायक पूजा पाल, राजेश केसरवानी, पार्षद किरन जायसवाल, श्याम चंद्र हेला, वरुण केसरवानी, रमेश पासी, कुंज बिहारी मिश्रा, शैलेश पांडे, गोपाल बाबू जायसवाल एवं अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

