उनका तो उनके देश में भी हो रहा है विरोध
प्रयागराज,04 अपै्रल (आरएनएस)। गोवर्धन मठ पुरी शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती जी महाराज ने कहा है कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक दिन में 20 झूठ बोलते हैं। इसलिए उनकी बातों का महत्व अब विश्व स्तर पर नहीं रह गया है। इसके साथ ही साथ पुरी शंकराचार्य ने यह भी कहा कि उनके इसी रवैये के कारण अब उनके देश में भी उनका विरोध जनता कर रही है। पुरी शंकराचार्य ने यह बातें प्रयागराज में शनिवार को अपने 10 दिवसीय प्रवास के पहले दिन शिवगंगा आश्रम में पत्र प्रतिनिधियों से बातचीत के दौरान कहीं। इस दौरान भारी संख्या में उनके भक्त भी आश्रम में मौजूद रहे।
शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती जी महाराज ने पश्चिम एशिया में चल रही जंग को लेकर भारत की तटस्थ नीति को सही और उपयोगी बताया। कहा कि भारत कभी भी युद्ध के पक्ष में नहीं रहा है। उन्होंने आगे कहा कि भारत के अच्छे रिश्ते रूस से भी हैं। इसके साथ ही साथ अमेरिका से भी तमाम व्यापारिक संबंध हैं। ईरान से भी लंबे वक्त से भारत के रिश्ते अच्छे हैं। ऐसी स्थिति में भारत का तटस्थ रहना ही कूटनीति के लिहाज से भी उचित है। पुरी शंकराचार्य ने पश्चिम एशिया की जंग को लेकर भारत की विदेश नीति की भी प्रशंसा की।
पूरी दुनिया भारत की ओर आशा की दृष्टि से देख रही है
उन्होंने कहा कि भारत अपनी विदेश नीति के कारण ही रूस से लेकर ईरान और अमेरिका को भी साध रहा है। यही वजह है कि जब पूरे विश्व में हाहाकार मचा हुआ है। इसके बावजूद भारत में अब भी सब कुछ ठीक-ठाक चल रहा है।
पश्चिम एशिया जंग को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए पुरी शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती जी महाराज ने कहा कि मोदी की दूर दृष्टि के कारण ही भारत की ओर आज विश्व की महा शक्तियां भी आशा की दृष्टि से देख रहे हैं। शायद उन्हें लगता है कि भारत ही ऐसा देश है जो विश्व में जंग के कारण चल रही उथल-पुथल में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद को लेकर किए गए सवाल पर पुरी शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती जी महाराज ने कहा कि सनातन धर्म में शंकराचार्य से बड़ा कोई पद नहीं होता है और इस पद का सभी को सम्मान करना चाहिए। ऐसे पद पर किसी भी प्रकार की टीका टिप्पणी करना उचित नहीं है। इस दौरान भक्तों ने भी धर्म और अध्यात्म को लेकर पुरी शंकराचार्य से कई प्रश्न किए। पुरी शंकराचार्य 13 अप्रैल तक अपने नई झूंसी स्थित शिवगंगा आश्रम में प्रवास करेंगे। इस दौरान रोजाना सुबह और शाम धर्म एवं आध्यात्मिक को लेकर संगोष्ठी का आयोजन किया गया है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

