लेखपालों की अनुपस्थिति और गलत रिपोर्टिंग पर जताया विरोध
प्रयागराज ,04 अपै्रल (आरएनएस)। फूलपुर तहसील में अप्रैल माह के पहले शनिवार को आयोजित होने वाला तहसील दिवस अधिवक्ताओं ने नहीं चलने दिया। लेखपालों और राजस्व निरीक्षकों की अनुपस्थिति तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों की गैर-मौजूदगी के विरोध में अधिवक्ताओं ने हंगामा किया।
अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि तहसील दिवस में लेखपाल और राजस्व निरीक्षक न के बराबर उपस्थित रहते हैं। इसके अतिरिक्त, संबंधित थानों से भी कोई जिम्मेदार अधिकारी नहीं आता। राजस्व विभाग से जुड़े विवादों की बढ़ती संख्या और लेखपालों द्वारा गलत रिपोर्ट लगाने के कारण मामलों का निस्तारण नहीं हो पा रहा था, जिससे अधिवक्ताओं में असंतोष था।
इस हंगामे के कारण दूर-दराज से आए काश्तकारों को अपने प्रार्थना पत्र जमा करने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। तहसील दिवस का मुख्य उद्देश्य जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करना होता है, लेकिन अव्यवस्था के चलते यह संभव नहीं हो सका।
तहसील दिवस में एसडीएम फूलपुर, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, बीडीओ फूलपुर, बीडीओ बहरिया, बिजली विभाग और खाद्य एवं रसद विभाग के अधिकारी मौजूद थे। हालांकि, अधिवक्ताओं का विरोध मुख्य रूप से लेखपालों और राजस्व निरीक्षकों की कार्यप्रणाली को लेकर था।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

