—- गेहूँ क्रय व्यवस्था को पारदर्शी एवं सुगम बनाने के निर्देश, जिले में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप गेहूँ खरीद सुनिश्चित करने पर दिया गया जोर।
—- 2585 रुपये प्रति कुन्तल पर होगी गेहूँ खरीद, किसानों से गेहूं खरीद के लिए तैयारियां पूरी।
कुशीनगर, 04 अप्रैल (आरएनएस)। जनपद के कसया तहसील सभागार में रबी विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत गेहूँ क्रय व्यवस्था के संबंध में कार्यशाला का आयोजन किया गया।
जिलाधिकारी कुशीनगर के प्रतिनिधि के रूप में उपजिलाधिकारी कसया की उपस्थिति में आयोजित कार्यशाला में जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी नरेंद्र कुमार तिवारी ने कहा कि जनपद में खाद्य विभाग, पी0सी0एफ0 एवं पी0सी0यू0 सहित विभिन्न क्रय एजेंसियों द्वारा कुल 71 गेहूँ क्रय केन्द्र विभिन्न तहसीलों एवं ब्लॉकों में स्थापित किये गये हैं। गेहूँ का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2585 रुपये प्रति कुन्तल निर्धारित किया गया है। गेहूँ खरीद सत्र 30 मार्च से 15 जून तक संचालित रहेगा तथा क्रय केन्द्रों का संचालन प्रतिदिन प्रात: 09:00 बजे से सायं 05:00 बजे तक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनपद का कोई भी किसान अपने निकटतम क्रय केन्द्र पर गेहूँ विक्रय कर सकता है। इसके अतिरिक्त 10 मोबाइल क्रय केन्द्रों के माध्यम से भी खरीद की व्यवस्था की गई है। यदि किसी गाँव में एक ट्रक अथवा समतुल्य मात्रा में गेहूँ उपलब्ध होता है तो गाँव स्तर पर ही खरीद सुनिश्चित की जाएगी। जनपद का गेहूँ क्रय लक्ष्य 23,500 मीट्रिक टन निर्धारित किया गया है। अब तक 2205 किसानों द्वारा गेहूँ विक्रय हेतु पोर्टल पर पंजीकरण कराया जा चुका है। किसान कॉमन सर्विस सेंटर, किसान मित्र ऐप अथवा गेहूँ क्रय केन्द्र पर जाकर अपना पंजीकरण करा सकते हैं। उन्होंने बताया कि किसानों द्वारा बोये गये रकबे का सत्यापन एग्रीस्टैक अथवा डिजिटल क्रॉप सर्वे के माध्यम से ऑटो मोड में किया जाएगा। क्रय प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि पंजीकरण प्रपत्र के साथ किसानों से आवश्यक अभिलेख जैसे आधार कार्ड एवं खतौनी/खसरा प्राप्त कर नियमानुसार गेहूँ क्रय सुनिश्चित करें। यह भी निर्देश दिए गए कि गुणवत्ता मानक के अनुरूप गेहूँ लाने वाले किसी भी किसान का गेहूँ क्रय किया जाए। कार्यशाला में जिला खाद्य विपणन अधिकारी, सहायक आयुक्त/सहायक निबन्धक (सहकारिता), जिला कृषि अधिकारी, सहायक श्रमायुक्त, क्रय एजेंसियों पी0सी0एफ0 एवं पी0सी0यू0 के जिला प्रबंधक, बॉट-मॉप निरीक्षक, मण्डी सचिव कसया तथा जनपद के समस्त गेहूँ क्रय प्रभारी उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

