मोतिहारी,04 अपै्रल (आरएनएस)। बिहार में जहरीली शराब से होने वाली मौतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. मोतिहारी में शनिवार को दो और लोगों की जान चली गई, जिससे पिछले तीन दिनों में मृतकों की कुल संख्या बढ़कर 7 हो गई है. मोतिहारी डीएम सौरभ जोरवाल ने इन मौतों की पुष्टि की है. मृतकों की पहचान चंदू कुमार, प्रमोद यादव, परीक्षण मांझी, हीरालाल भगत, लालकिशोर राय, संपत साह और लड्डू साह के रूप में हुई है.
रघुनाथपुर थाना के बालगंगा गांव में मौत का तांडव गुरुवार से शुरू हुआ था, जब 2 लोगों की जान गई थी. इसके बाद शुक्रवार को 3 और शनिवार को 2 अन्य लोगों की मौत हो गई. वर्तमान में सदर अस्पताल में कुल 20 लोग भर्ती हैं, जिनमें से 14 की स्थिति अत्यंत गंभीर बनी हुई है.6 लोगों की आंखों की रोशनी भी चली गई है. गंभीर रूप से बीमार लोगों में लोहा ठाकुर, राहुल कुमार, रविंद्र यादव, दिनेश यादव और उमेश राम शामिल हैं.
लगातार मौत का आंकड़ा बढऩे के बाद जिला प्रशासन की ओर से गांव में लोगों को जागरूक किया जा रहा है. प्रशासन की ओर से माइकिंग कर लोगों से अपील की जा रही है कि 1 अप्रैल से 3 अप्रैल तक जिन लोगों ने शराब का सेवन किए हैं, वे सदर अस्पताल में जाकर अपना इलाज कराएं. क्योंकि जहीरी शराब पीने से आंखों की रोशनी जा रही है. लोगों की मौत भी हो रही है.
अब तक की पुलिस जांच के अनुसार, इस सामूहिक त्रासदी की जड़ें पिपराकोठी थाना क्षेत्र में फैली हुई हैं. जानकारी मिली है कि क्षेत्र के दो बड़े स्प्रिट तस्करों, कन्हैया और राजा ने मेथनॉल युक्त जहरीले केमिकल वाली स्प्रिट की भारी खेप मंगवाई थी. मेथनॉल एक अत्यंत घातक रसायन है, जिसका उपयोग केवल औद्योगिक कार्यों के लिए किया जाता है, लेकिन अवैध शराब बनाने वाले गिरोहों द्वारा अधिक मुनाफे के चक्कर में इसका इस्तेमाल शराब बनाने में किया गया.
००

