बिश्वनाथ चारियाली ,05 अपै्रल (आरएनएस)। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने आज चुनावी राज्य असम के बिश्वनाथ चारियाली में एक सभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा पर खूब निशाना साधा। उन्होंने कहा, असम के हिमंत भारत के सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री हैं, वे सिर्फ नफरत फैलाते हैं। कांग्रेस के सत्ता में आने पर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हिमंत को माफी मांगने पर भी नहीं बख्शा जाएगा। सत्ता में आते ही उन्हें जेल भेजेंगे।
राहुल ने कहा, मुख्यमंत्री की बयानबाजी हताशा की प्रतीक है, क्योंकि उन्हें अपनी हार और भविष्य का डर है। हिरण को जिस तरह शेर से डर लगता है, उसी तरह हमारे बब्बर शेर (गौरव गोगोई) से सरमा को डर लगता है और वह रात को सोते नहीं हैं। वह जानते हैं कि कांग्रेस के बब्बर शेर उन्हें जेल भेजने वाले हैं। जब हमारी सरकार आएगी तब उन्हें असम की जनता और कांग्रेस के नेताओं से हाथ जोड़कर माफी मांगनी होगी।
राहुल ने कहा, डोनाल्ड ट्रंप, नरेंद्र मोदी को कंट्रोल करते हैं और नरेंद्र मोदी और अमित शाह आपके मुख्यमंत्री को कंट्रोल कर रहे हैं। असम की सरकार मुख्यमंत्री नहीं, बल्कि दिल्ली से शाह चला रहे हैं। सरमा जानते हैं कि उनके पैरों के नीचे से जमीन खिसक चुकी है। उन्होंने 10 सालों में असम की संस्कृति और भाईचारे को चोट पहुंचाई है। अब जनता जाग चुकी है और वह इस नफरत के बाजार को बंद करने के लिए तैयार है।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

