० चरमुडिय़ा की सरिता साहू बनी आत्मनिर्भरता की मिसाल
धमतरी , 06 अप्रैल (आरएनएस)। जिले में शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं ग्रामीण जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। गरीब और जरूरतमंद परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराने वाली प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) ने हजारों परिवारों को सुरक्षित आवास प्रदान किया है। अब इन घरों को स्वच्छ और नवीकरणीय ऊर्जा से रोशन करने के लिए केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर पैनल लगाए जा रहे हैं।
धमतरी जिले में इस योजना का क्रियान्वयन छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास एजेंसी (क्रेडा) और जिला प्रशासन के सहयोग से किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य गरीब परिवारों को बिजली बिल से राहत दिलाना, स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देना और ग्रामीण क्षेत्रों में ऊर्जा आत्मनिर्भरता को मजबूत करना है। इसी योजना से लाभान्वित होकर अपने जीवन में नया बदलाव लाने वाली एक प्रेरक कहानी है कुरुद विकासखंड के चरमुडिय़ा गांव की निवासी श्रीमती सरिता साहू की।
श्रीमती सरिता साहू का परिवार एक साधारण ग्रामीण परिवार है। उनके परिवार की आजीविका मुख्य रूप से कृषि कार्य और दैनिक मजदूरी पर निर्भर है। सीमित आय के कारण परिवार को कई आर्थिक और सामाजिक चुनौतियों का सामना करना पड़ता था। कुछ वर्ष पहले तक उनका घर कच्चा था। बरसात के मौसम में छत से पानी टपकता था और घर में रहने में काफी असुविधा होती थी। तेज हवा और बारिश के समय परिवार को हमेशा चिंता बनी रहती थी कि कहीं घर को नुकसान न हो जाए। इन कठिन परिस्थितियों के बीच प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) उनके जीवन में उम्मीद की किरण बनकर आयी। योजना के अंतर्गत उन्हें पक्का मकान बनाने के लिए आर्थिक सहायता प्राप्त हुई। शासन की इस सहायता से उन्होंने अपने परिवार के लिए एक मजबूत और सुरक्षित घर का निर्माण कराया।
सरिता साहू के लिए यह घर केवल एक भवन नहीं था उनके जीवन में सुरक्षा, सम्मान और आत्मविश्वास का प्रतीक बन गया। पक्का घर मिलने के बाद उनके जीवन में एक और बड़ा बदलाव तब आया जब उनके घर की छत पर प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत सोलर पैनल लगाए गए।
इस योजना के तहत पात्र परिवारों को सोलर पैनल लगाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार की ओर से सब्सिडी प्रदान की जाती है। इससे कम लागत में घरों की छत पर सौर ऊर्जा प्रणाली स्थापित की जा सकती है। धमतरी जिले में क्रेडा और जिला प्रशासन की संयुक्त पहल से पीएम आवास के लाभार्थियों के घरों का चयन कर वहां सोलर पैनल लगाए जा रहे हैं। तकनीकी टीम द्वारा निरीक्षण के बाद सरिता साहू के घर की छत पर भी सोलर पैनल स्थापित किए गए। अब उनका घर सौर ऊर्जा से रोशन हो रहा है और परिवार को बिजली की पर्याप्त सुविधा मिल रही है।
सोलर पैनल लगने से सरिता साहू के परिवार को आर्थिक रुप से भी काफी राहत मिली है। पहले हर महीने बिजली बिल भरना उनके लिए एक बड़ी चुनौती हुआ करता था। सीमित आय होने के कारण बिजली खर्च को लेकर परिवार चिंतित रहता था। लेकिन अब सोलर पैनल के माध्यम से उनके घर में स्वच्छ और नि:शुल्क बिजली उपलब्ध हो रही है। इससे बिजली बिल का बोझ लगभग समाप्त हो गया है।
सरिता साहू बताती हैं कि अब उनके घर में पंखा, एलईडी बल्ब और अन्य छोटे विद्युत उपकरण आसानी से चल रहे हैं। सबसे बड़ी बात यह है कि उनके बच्चों को पढ़ाई के लिए पर्याप्त रोशनी मिल रही है जिससे उनकी पढ़ाई भी पहले से बेहतर हो गई है। वे खुशी जताते हुए कहती हैं कि सरकार की इस योजना ने उनके परिवार को बड़ी राहत दी है और अब उन्हें बिजली खर्च की चिंता नहीं रहती। सौर ऊर्जा का उपयोग न केवल आर्थिक रूप से लाभदायक है बल्कि यह पर्यावरण के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।
सौर ऊर्जा एक स्वच्छ और नवीकरणीय ऊर्जा स्रोत है जिससे बिजली उत्पादन के दौरान प्रदूषण नहीं होता। ग्रामीण क्षेत्रों में सौर ऊर्जा के उपयोग से पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता कम हो रही है और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिल रहा है। सरिता साहू के घर पर लगा सोलर पैनल भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। अब उनका परिवार स्वच्छ ऊर्जा का उपयोग करते हुए पर्यावरण संरक्षण में अपना योगदान दे रहा है। सरिता साहू की सफलता की कहानी अब उनके गांव के अन्य लोगों के लिए प्रेरणा बन गई है। गांव के लोग उनके घर पर लगे सोलर पैनल को देखकर योजना के बारे में जानकारी लेने आते हैं।
सरिता भी अपने अनुभव साझा करते हुए लोगों को बताती हैं कि सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। उनकी प्रेरणा से गांव के कई अन्य परिवार भी इस योजना के तहत सोलर पैनल लगाने के लिए आगे आ रहे हैं।
धमतरी जिले में इस योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में जिला प्रशासन और क्रेडा की भूमिका सराहनीय है। अधिकारियों द्वारा गांव-गांव जाकर लोगों को योजना की जानकारी दी जा रही है और पात्र हितग्राहियों का चयन किया जा रहा है। साथ ही तकनीकी टीम द्वारा सोलर पैनल की स्थापना और संचालन से संबंधित मार्गदर्शन भी प्रदान किया जा है।
००००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

