सिरसा 6 अप्रैल (आरएनएस)। देश के पूर्व उप प्रधानमंत्री स्वर्गीय चौधरी देवीलाल की 25वीं पुण्यतिथि पर सोमवार को जननायक जनता पार्टी परिवार ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनकी शिक्षाओं व मूल्यों का अनुसरण करने का संकल्प लिया। बरनाला रोड स्थित चौटाला हाउस के समक्ष स्थित चौधरी देवीलाल सामुदायिक पार्क में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में सर्वप्रथम पूर्व विधायक नैना सिंह चौटाला ने पूरी जेजेपी जिला कार्यकारिणी के साथ चौधरी देवीलाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर सर्वधर्म प्रार्थना का भी आयोजन किया गया जिसमें सभी पंथों के धार्मिक प्रतिनिधियों ने अपने अपने स्तर पर दिवंगत आत्मा को याद किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक नैना चौटाला ने कहा कि आज चौधरी देवीलाल की 25वीं पुण्यतिथि पर सही मायने में उन्हें श्रद्धांजलि देना तभी सार्थक माना जाएगा जब प्रत्येक व्यक्ति उनके दिखाए मार्ग पर चलते हुए कमेरे, किसान, शोषित वर्ग के समर्थन में उठ खड़ा होगा। उन्होंने कहा कि जेजेपी आज सही मायने में उनके दिखाए पथ पर चलकर पूरे हरियाणा में सभी वर्गों के कल्याण के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रही है जो सभी के लिए प्रेरणादायी है। वहीं जेजेपी के जिलाध्यक्ष अशोक वर्मा व जेजेपी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के प्रधान महासचिव राधेश्याम शर्मा ने संयुक्त रूप से कहा कि उन्होंने हरियाणा की स्थापना से लेकर निरंतर प्रदेश के विकास के लिए किए गए कार्य आज भी आदर्श हैं। बतौर उपप्रधानमंत्री रहते हुए उन द्वारा बुजुर्गों की पेंशन, किसानों की बेहतरी के लिए योजनाएं बनाकर उन्हें आर्थिक तौर पर सशक्त करने के निर्णय, कन्याओं की शिक्षा के लिए उठाए गए कदमों सहित अनेकानेक ऐसे कार्य पूरे देशभर में आज भी आदर्श रूप लिए हुए हैं। उन्होंने कहा कि उन द्वारा लिए गए अनेक ऐसे निर्णय हैं जिन्हें संपूर्ण देश की विभिन्न राज्य सरकारों ने आत्मसात किया है। इस अवसर पर पार्टी के सभी प्रकोष्ठों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता काफी संख्या में मौजूद थे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

