रांची 7 अप्रैल (आरएनएस)। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव आलोक कुमार दूबे ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि विडंबना यह है कि अपने स्थापना दिवस जैसे अवसर पर भी भाजपा कांग्रेस फोबिया से बाहर नहीं निकल पाई है। उन्होंने कहा कि देश की जनता ने एक ऐसे प्रधानमंत्री को चुना है, जिस पर आज पूरी दुनिया हंस रही है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की छवि मजाक का विषय बनती जा रही है। दूबे ने कहा कि बढ़ती महंगाई, रसोई गैस के दामों में बेतहाशा वृद्धि और आम जनता के सामने खड़े गंभीर आर्थिक संकट पर जहां सरकार को चिंतित होना चाहिए था, वहीं पूरी केंद्र सरकार चुनावी गतिविधियों में व्यस्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि 140 करोड़ देशवासियों को सुरक्षा और सहारा देने का दावा करने वाली भाजपा के कार्यकर्ता आज संकट के समय कहीं नजर नहीं आ रहे हैं।
उन्होंने कोरोना काल का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय भी भाजपा कार्यालयों में 7:30 किलो का ताला लटका हुआ था और नेता जनता के बीच से गायब थे। आज भी वही स्थिति बनी हुई है—प्रदेश के भाजपा विधायक और सांसद जनता से दूर अपने दरवाजे बंद कर बैठे हैं।
आलोक दूबे ने केंद्र सरकार पर हमला जारी रखते हुए कहा कि भाजपा ने देश की स्थिति को बदतर बना दिया है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की साख को कमजोर किया है। उन्होंने कहा कि जनता अब लाल आंख और 56 इंच की छाती वाले दावों की सच्चाई देखना चाहती है, क्योंकि हकीकत में देश संकट और अव्यवस्था के दौर से गुजर रहा है। उन्होंने अंत में कहा कि भाजपा की नीतियों और प्राथमिकताओं ने देश को पीछे धकेल दिया है, और अब समय आ गया है कि जनता इस सच्चाई को पहचाने।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

