रायगढ़,09 जुलाईं (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में जंगली हाथी के हमले में एक ग्रामीण की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही वन विभाग और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, यह घटना धर्मजयगढ़ वन मंडल के पीडिया-तुर्रीकटरा मार्ग के बीच हुई। मृतक की पहचान जहाज़ सिंह राठिया (55 वर्ष) के रूप में हुई है, जो पीडिया गांव का निवासी था। गुरुवार को वह जंगल में पुटु (जंगली मशरूम) लेने गया था।इसी दौरान जंगल में उसका सामना जंगली हाथी से हो गया। हाथी ने जहाज़ सिंह पर हमला कर उसे कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया। वन विभाग की टीम और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। वन विभाग ने लोगों से हाथियों की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में सतर्कता बरतने और अकेले जंगल नहीं जाने की अपील की है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

