रांची 7 अप्रैल (आरएनएस)। ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों के बीच स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को अपनाने के लिए प्रेरित करना था। इस अवसर पर कम्युनिटी मेडिसिन विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. मनीष कुमार और सीएमओ एनएसएसजी, इएसआईसी की डॉ. कश्मीरा जिलानी मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। इस वर्ष का थीम स्वास्थ्य के लिए एकजुट विज्ञान के साथ खड़े रहें रहा, जिसके तहत स्वास्थ्य और विज्ञान के बीच गहरे संबंधों पर विस्तार से चर्चा की गई। डॉ. मनीष कुमार ने अपने संबोधन में वैज्ञानिक प्रमाणों के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि समाज को स्वस्थ बनाए रखने के लिए वैज्ञानिक पद्धतियों पर विश्वास करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे किसी भी स्वास्थ्य संबंधी निर्णय में प्रमाण आधारित चिकित्सा को प्राथमिकता दें।
वहीं डॉ. कश्मीरा जिलानी ने अपने विचार रखते हुए कहा कि वैदिक काल से लेकर आधुनिक एआई युग तक विज्ञान ने मानव जीवन को स्वस्थ और व्यवस्थित बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने बताया कि आयुष पद्धति और आधुनिक वैज्ञानिक तकनीकों के समन्वय से हम न केवल खुद को बल्कि पूरी मानव जाति को बेहतर स्वास्थ्य की दिशा में आगे बढ़ा सकते हैं। कार्यक्रम में डॉ. मयंक, डॉ. सुरेन्द्र, डॉ. म्हात्रे, डॉ. सृष्टि सहित कई अन्य चिकित्सक भी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर लोगों को स्वच्छता, संतुलित जीवनशैली और जागरूकता के माध्यम से स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और वैज्ञानिक सोच अपनाने का संकल्प लिया गया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

