रांची 8 अप्रैल (आरएनएस)। रांची नगर निगम क्षेत्रांतर्गत जलाशयों की सफाई एवं संरक्षण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल करते हुए महापौर रौशनी खलखो एवं माननीय उप महापौर नीरज कुमार द्वारा विवेकानंद सरोवर (बड़ा तालाब) में वीड हार्वेस्टर मशीन का उद्घाटन किया गया। उक्त मशीन का क्रय सीसीएल के सीएसआर मद से लगभग 1.51 करोड़ रुपए की लागत से किया गया है। इस आधुनिक मशीन के संचालन से अब शहर के छोटे-बड़े सभी तालाबों की सफाई अधिक प्रभावी एवं आधुनिक तरीके से संभव हो सकेगी। इसके माध्यम से तालाबों की सतह पर फैली जलकुंभी, गंदगी एवं अन्य अपशिष्ट को आसानी से हटाया जा सकेगा। यह पहल शहर के जलाशयों की स्वच्छता एवं संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे पर्यावरण संरक्षण एवं जल गुणवत्ता में सुधार सुनिश्चित किया जा सकेगा।विदित हो कि रांची नगर निगम द्वारा पूर्व से ही जलाशयों की सफाई हेतु एक वीड हार्वेस्टिंग मशीन एवं एम्फीबियस एक्सकैवेटर (पोकलेन) का उपयोग किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त विशेष स्वच्छता अभियानों के तहत मैनुअल रूप से भी जलाशयों की नियमित सफाई की जाती है। इस अवसर पर सीसीएल के जीएम सिद्धार्थ शंकर लाल, रांची नगर निगम की स्वच्छता शाखा की टीम एवं अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित थे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

