कोरिया ,09 जुलाई (आरएनएस)। जिले के पटना थाना क्षेत्र में जमीन के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में बड़े भाई की पिटाई के बाद हुई मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी छोटे भाई को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।पुलिस के अनुसार, 26 जून 2026 को राम प्रकाश कुशवाहा ने ललित कुशवाहा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना थाना पटना में दी थी। सूचना पर पुलिस ने मर्ग क्रमांक 57/2026 दर्ज कर शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराया।मर्ग जांच के दौरान मृतक की पत्नी गुलाबी कुशवाहा, पिता सुभाष चंद, माता इन्द्रवती तथा अन्य परिजनों के बयान दर्ज किए गए। जांच में सामने आया कि मृतक ललित कुशवाहा और उसका छोटा भाई शारदा कुशवाहा शराब के आदी थे तथा घर और जमीन के बंटवारे को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद और मारपीट होती रहती थी।पुलिस जांच में पता चला कि 23 जून 2026 की सुबह करीब 9:30 बजे शारदा कुशवाहा ने ललित कुशवाहा के साथ हाथ-मुक्कों और डंडे से मारपीट की थी। मारपीट में घायल ललित की तबीयत बिगडऩे पर 24 जून को उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पटना में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल बैकुंठपुर रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान 25 जून 2026 की शाम करीब 6:15 बजे उसकी मौत हो गई।पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मर्ग जांच में यह स्पष्ट हुआ कि मारपीट के दौरान आई गंभीर चोटों के कारण उपचार के दौरान ललित कुशवाहा की मृत्यु हुई।जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने आरोपी शारदा कुशवाहा (36 वर्ष), निवासी ग्राम सावांरावां, थाना पटना, जिला कोरिया के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज किया। आरोपी को 8 जुलाई 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

