बेमेतरा, 10 जुलाई (आरएनएस)। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन के कारण छत्तीसगढ़ में विकास कार्य तेज गति से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने बेमेतरा जिले के नगर पंचायत भिंभौरी में आयोजित भूमिपूजन कार्यक्रम में 465.84 लाख रुपये की लागत से बनने वाले नवीन महाविद्यालय भवन और 14.28 लाख रुपये की लागत से बनने वाले किसान सामुदायिक भवन का भूमिपूजन किया।
इस अवसर पर सांसद विजय बघेल, विधायक दीपेश साहू, विधायक ईश्वर साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
भिंभौरी के विकास के लिए 5 करोड़ रुपये की घोषणा
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने नगर पंचायत भिंभौरी के समग्र विकास के लिए 5 करोड़ रुपये स्वीकृत करने की घोषणा की। इसमें 4 करोड़ रुपये जल आवर्धन योजना के लिए तथा 1 करोड़ रुपये अन्य विकास कार्यों के लिए दिए जाएंगे। कार्यक्रम में विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को सामग्री और सहायता राशि के चेक भी वितरित किए गए।
जो कहा, वो किया : अरुण साव
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी जी की गारंटी का मतलब है – जो कहा, वो किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने गठन के बाद जनता से किए गए प्रमुख वादों को पूरा किया है। किसानों को दो वर्ष का बकाया बोनस दिया गया है और 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदी की जा रही है। वहीं महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की सहायता दी जा रही है तथा आवासहीन परिवारों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास स्वीकृत किए जा रहे हैं।
शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास पर जोर
अरुण साव ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पानी और किसान कल्याण जैसे क्षेत्रों में लगातार काम कर रही है। स्कूलों की आधारभूत संरचना को मजबूत किया जा रहा है ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता महिला सशक्तिकरण, युवाओं को रोजगार और ग्रामीण विकास है तथा योजनाओं का लाभ सीधे पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया जा रहा है।
कार्यक्रम में रजककार विकास बोर्ड के अध्यक्ष प्रहलाद रजक, बेमेतरा जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी, तेलघानी विकास बोर्ड के अध्यक्ष जितेंद्र साहू, कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं, पुलिस महानिरीक्षक रामकृष्ण साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
०



