मीरजापुर 8 अप्रैल (आरएनएस)। विकास खंड लालगंज क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय निनवार उत्तर में बुधवार को प्रधानाध्यापक नागेश्वर सिंह पटेल के अध्यक्षता में वार्षिकोत्सव एवं कक्षा पांच के विद्यार्थियों का विदाई समारोह कार्यक्रम बड़े ही उत्साह उमंग और हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलन के साथ आरंभ हुआ। इस दौरान शिक्षकों एवं अभिभावकों ने बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगे की पढ़ाई के लिए प्रेरित किया। कई विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यालय में बिताए गए सुनहरे पलों को याद किया, जिससे माहौल भावुक हो उठा। इस मौके पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक नागेश्वर सिंह पटेल ने कहा कि वार्षिकोत्सव विद्यालय की पूरे वर्ष की उपलब्धियों का दर्पण होता है। उन्होंने विद्यालय से विदा हो रहे छात्रों को विद्यालय से मिली सीख और अनुशासन को सदैव अपने साथ रखने का संदेश दिया। बड़ी संख्या में अभिभावक भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे, जिन्होंने अपने बच्चों को मंच पर प्रदर्शन करते देखा गर्व महसूस किया। विद्यालय प्रशासन ने मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत भी किया। कार्यक्रम का समापन अल्पाहार वितरण और सामूहिक राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक नागेश्वर सिंह पटेल, एसएमसी अध्यक्ष त्रिवेणी प्रजापति, पत्रकार पंकज कुमार, सलमान खान, आंगनबाड़ी कार्यकत्री अनिता सिंह, पूनम मिश्रा, सौरभ कुमार, श्रवण कुमार मिश्रा समेत समस्त विद्यालय परिवार एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

