सूरजपुर 1 जुलाई (आरएनएस) पुलिस विभाग में वर्षों तक कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और ईमानदारी के साथ सेवाएं देने वाले दो पुलिसकर्मियों को मंगलवार को गरिमामय माहौल में भावभीनी विदाई दी गई। जिला पुलिस कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समारोह में एसआई अश्वनी पाण्डेय और आरक्षक रामप्रसाद के सम्मान में विदाई कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां उनके लंबे और उत्कृष्ट सेवाकाल को याद करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में डीआईजी एवं एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने दोनों सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को शॉल, श्रीफल और स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान उन्हें पेंशन स्वीकृति आदेश भी सौंपा गया। अधिकारियों और कर्मचारियों की मौजूदगी में आयोजित समारोह भावनात्मक माहौल में संपन्न हुआ।
अपने संबोधन में डीआईजी एवं एसएसपी श्री ठाकुर ने कहा कि एसआई अश्वनी पाण्डेय ने 38 वर्ष 10 माह तथा आरक्षक रामप्रसाद ने 28 वर्ष 7 माह तक पुलिस विभाग में निष्ठा और समर्पण के साथ सेवा दी है। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा केवल एक सरकारी नौकरी नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संकल्प है। सेवानिवृत्त दोनों पुलिसकर्मियों ने अपने पूरे सेवाकाल में अनुशासन, ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता की मिसाल कायम की है, जो नई पीढ़ी के पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणा बनी रहेगी।
सम्मान समारोह के दौरान सेवानिवृत्त एसआई अश्वनी पाण्डेय और आरक्षक रामप्रसाद ने अपने सेवाकाल के अनुभव साझा किए। उन्होंने विभाग और सहकर्मियों से मिले सहयोग एवं सम्मान के लिए आभार व्यक्त करते हुए वर्तमान पुलिसकर्मियों से अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया।
समारोह में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी दोनों साथियों के साथ बिताए गए कार्यकाल को याद करते हुए उनके स्वस्थ, सुखद और सम्मानपूर्ण जीवन की कामना की।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन, सीएसपी बेनार्ड कुजूर सहित पुलिस कार्यालय एवं विभिन्न थाना-चौकी के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। समारोह सम्मान, अपनत्व और भावनाओं से सराबोर रहा।

