जगदलपुर, 1 जुलाई 2026 (आरएनएस) बस्तर रेंज में पुलिस नेतृत्व परिवर्तन के तहत वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी बद्रीनारायण मीणा ने बुधवार को बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) का औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण कर लिया। उन्होंने सुन्दरराज पट्टलिंगम का स्थान लिया, जिन्हें भारत सरकार में प्रतिनियुक्ति पर राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) में पुलिस महानिरीक्षक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बस्तर रेंज कार्यालय, जगदलपुर में आयोजित गरिमामय पदभार ग्रहण समारोह में बस्तर जिले के पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा सहित रेंज के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान निवर्तमान आईजी सुन्दरराज पट्टलिंगम ने नए आईजी बद्रीनारायण मीणा का स्वागत करते हुए उन्हें सफल एवं सुरक्षित कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।
अपने संबोधन में सुन्दरराज पट्टलिंगम ने कहा कि बस्तर में कार्यकाल के दौरान उन्हें शासन, पुलिस मुख्यालय, सुरक्षा बलों, नागरिक प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, मीडिया तथा आम जनता का भरपूर सहयोग मिला। उन्होंने मिशन-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन में सभी हितधारकों की भूमिका की सराहना करते हुए इसके लिए हृदय से आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि बस्तर में मिली हर सफलता सामूहिक प्रयास, समर्पण और बेहतर समन्वय का परिणाम है। वामपंथी उग्रवाद के खिलाफ अभियान में शहीद हुए पुलिस एवं सुरक्षा बलों के जवानों, स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और मीडिया कर्मियों को उन्होंने श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
नवपदस्थ आईजी बद्रीनारायण मीणा ने कहा कि बस्तर में पिछले वर्षों में शांति, सुरक्षा और विकास की दिशा में हुए कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने सभी हितधारकों के साथ समन्वय स्थापित कर जनविश्वास को और मजबूत करने तथा स्थायी शांति, सुरक्षा और समावेशी विकास के लक्ष्य को गति देने की प्रतिबद्धता दोहराई।
उन्होंने विश्वास जताया कि पुलिस, सुरक्षा बल, प्रशासन और आम जनता के सहयोग से मिशन-2026 के उद्देश्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाते हुए बस्तर को शांति और विकास के नए आयामों तक पहुंचाया जाएगा।

