रुड़की,08 अपै्रल (आरएनएस)। नगर पंचायत पिरान कलियर में पुरानी गंगनहर पर बने पुल के सामने सड़क पर बने गहरे गड्ढे ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मंगलवार से हो रही लगातार बारिश के कारण गड्ढे में जलभराव हो गया है और हादसे का खतरा कई गुना बढ़ गया है। बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले ही पुल के सामने सड़क क्षतिग्रस्त होकर गहरा गड्ढा बन गया था, लेकिन मरम्मत न होने के कारण अब स्थिति गंभीर हो गई है। बारिश के बाद गड्ढे में पानी भरने से राहगीरों को इसका अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे आए दिन लोग दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। यह मार्ग स्थानीय लोगों के साथ-साथ साबिर पाक की जियारत को आने वाले जायरीन के लिए भी प्रमुख रास्ता है। ऐसे में पैदल चलने वालों को गंदे पानी के छींटों से कपड़े खराब होने की समस्या झेलनी पड़ रही है, वहीं रात के समय बाइक सवारों के लिए यह गड्ढा जानलेवा साबित हो सकता है। कई लोग यहां से गुजरते समय चोटिल भी हो चुके हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस समस्या की शिकायत कई बार संबंधित विभाग से की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

