० तेज रफ्तार व लापरवाही दुर्घटना का मुख्य कारण
कोरबा 12 अप्रैल (आरएनएस)। जिले में शनिवार देर रात राष्ट्रीय राजमार्ग 130 पर भीषण सड़क हादसा हो गया। कटघोरा थाना क्षेत्र के बरपाली स्थित लालघाट के पास डीजल टैंकर और ट्रेलर के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, वहीं टैंकर चालक केबिन में फंस गया।
जानकारी के मुताबिक डीजल टैंकर अंबिकापुर की ओर से आ रहा था, जबकि ट्रेलर कटघोरा की दिशा में जा रहा था। लालघाट के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
हादसे में टैंकर चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया था। सूचना मिलते ही कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला गया। दुर्घटना में दोनों वाहनों के चालक घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे के चलते एनएच-130 पर अंबिकापुर-कटघोरा मार्ग पूरी तरह जाम हो गया। सड़क के दोनों ओर भारी वाहनों और चार पहिया गाडिय़ों की लंबी कतार लग गई, जिससे करीब तीन घंटे तक यातायात बाधित रहा। इस दौरान पर्यटन मंत्री का काफिला भी जाम में फंसा रहा, जिसे बाद में पुलिस ने वैकल्पिक मार्ग से निकाला।
टैंकर में डीजल भरा होने के कारण आग लगने का खतरा बना हुआ था, जिससे पुलिस को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ी। एहतियात के तौर पर आसपास का इलाका खाली कराया गया। बाद में बड़ी क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त टैंकर और ट्रेलर को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य हुआ। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को दुर्घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है। कटघोरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

