लखनऊ 8 अप्रैल (आरएनएस )। नाका हिण्डोला थाना पुलिस और पश्चिमी जोन निगरानी दल की संयुक्त कार्रवाई में ऑटो में सवारियों का बैग काटकर आभूषण चोरी करने वाले तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की घटना से संबंधित पीली धातु के तार बरामद किए हैं तथा घटना में प्रयुक्त ऑटो को भी जब्त कर लिया है।पुलिस के अनुसार 31 मार्च 2026 को वादिनी नीतू तिवारी निवासी बड़ी जुगौली थाना गोमतीनगर ने लिखित सूचना दी थी कि वह ऑटो से जा रही थीं, तभी रास्ते में उनका बैग काटकर उसमें रखे सोने के आभूषण चोरी कर लिए गए। इस संबंध में नाका हिण्डोला थाना पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया था।घटना के खुलासे के लिए थाना पुलिस और पश्चिमी जोन के निगरानी दल द्वारा संयुक्त रूप से जांच की जा रही थी। इसी क्रम में 07 अप्रैल 2026 को रात्रि लगभग 9 बजकर 59 मिनट पर दुर्गापुरी मेट्रो स्टेशन के पास से तीन अभियुक्तों— मोहम्मद इकरार उर्फ कल्लू निवासी जनपद बाराबंकी, अरमान निवासी गौस नगर मडिय़ांव लखनऊ तथा अफजाल अहमद निवासी जनपद बिजनौर— को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इनके कब्जे से घटना से संबंधित पीली धातु के पांच ठोस तार, जिनका कुल वजन लगभग 11.380 ग्राम तथा अनुमानित मूल्य लगभग डेढ़ लाख रुपये है, बरामद किए। साथ ही घटना में प्रयुक्त ऑटो को भी जब्त कर लिया गया।पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने बताया कि वे अकेली महिला या पुरुष सवारी को ऑटो में बैठाते थे और कुछ दूरी पर अपने अन्य साथियों को पीछे बैठा लेते थे। इसके बाद वे सवारी का ध्यान भटकाकर बैग से आभूषण, रुपये और अन्य कीमती सामान निकाल लेते थे। पुलिस से बचने के लिए वे चोरी किए गए आभूषणों को गलाकर उनका नया रूप बना लेते थे और आपस में बांट लेते थे।
पुलिस अभिलेखों के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त अफजाल अहमद और मोहम्मद इकरार उर्फ कल्लू के विरुद्ध पूर्व में भी विभिन्न मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने तीनों अभियुक्तों के विरुद्ध आगे की विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।इस कार्रवाई में थाना नाका हिण्डोला के प्रभारी निरीक्षक अभिनव कुमार वर्मा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अवधेश यादव, विश्वजीत सिंह, अजीत राय, शुभम पराशर, अंकित बालियान सहित अन्य पुलिसकर्मियों तथा पश्चिमी जोन के निगरानी दल के प्रभारी उपनिरीक्षक रंजीत सिंह व उनकी टीम की विशेष भूमिका रही।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

