-कृषि विवि में कुल आठ शिक्षकों एवं वैज्ञानिकों को कुलपति ने दी विदाई, की स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की कामना
अयोध्या 1 जुलाई (आरएनएस)।आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालय में कुल आठ शिक्षकों एवं वैज्ञानिकों के सेवानिवृत्त होने पर सम्मान एवं विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने सभी सेवानिवृत्त शिक्षकों एवं वैज्ञानिकों को शॉल, स्मृति-चिह्न और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। समारोह को बतौर मुख्यअतिथि संबोधित करते हुए कुलपति डॉ. ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि किसी भी शैक्षणिक संस्थान की वास्तविक शक्ति उसके शिक्षक, वैज्ञानिक और कर्मचारी होते हैं। शिक्षक कभी सेवानिवृत्त नहीं होता है। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति सेवा का अंत नहीं, बल्कि जीवन के एक नए अध्याय की शुरुआत है। कुलपति ने कहा कि सभी को समयबद्ध एवं अनुशासित ढंग से कार्य करने की जरूरत है। विवि परिवार में कार्य करने वाले हर एक व्यक्ति को उचित सम्मान मिलना चाहिए। कुलपति ने कहा कि शिक्षक व छात्र का अनुपात बराबर का होना चाहिए जिससे शिक्षा प्रणाली को और सुदृढ़ किया जा सके। कृषि अधिष्ठाता डा. प्रतिभा सिंह ने कहा कि विवि के विकास में हमारे शिक्षकों और वैज्ञानिकों का योगदान अमूल्य है। ज्ञान, अनुभव और समर्पण से न केवल विद्यार्थियों को दिशा दी, बल्कि कृषि अनुसंधान एवं किसान हितैषी तकनीकों के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समारोह के दौरान सेवानिवृत्त शिक्षकों एवं वैज्ञानिकों ने अपने सेवाकाल के अनुभव साझा किए तथा विश्वविद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया। सेवानिवृत्त होने वालों में डा. आर.के जोशी, डा. रुद्र प्रताप सिंह, डा.सरिता श्रीवास्तव, ई. रामजीत सिंह, डा. ओमप्रकाश, डा. जयप्रकाश सिंह, डा. प्रदीप कुमार सिंह व डा. शेर सिंह हैं। कृषि अधिष्ठाता डा. प्रतिभा सिंह के संयोजन में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कुलपति के सचिव डा. जसवंत सिंह ने सभी के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया व समारोह का संचालन डा. सीताराम मिश्रा ने किया। इस अवसर पर विवि के अधिष्ठाता, निदेशक, शिक्षक, वैज्ञानिक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

