लखनऊ 8 अप्रैल (आरएनएस )। सरोजनीनगर क्षेत्र के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने प्रदेश सरकार द्वारा महापुरुषों की प्रतिमाओं के उन्नयन और सम्मान के निर्णय का स्वागत करते हुए इसे सामाजिक समरसता, सामाजिक न्याय और राष्ट्र निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से समाज में प्रेरणा, जागरूकता और एकता की भावना को और अधिक बल मिलेगा।विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने बताया कि सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र में पिछले एक वर्ष से इसी भावना के अनुरूप व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है। क्षेत्र के विभिन्न गांवों में बीते एक वर्ष के दौरान भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 20 से अधिक प्रतिमाओं का सौंदर्यीकरण और उन्नयन कराया गया है। इससे सामाजिक सम्मान और जागरूकता को नई दिशा मिली है तथा लोगों में अपने महापुरुषों के प्रति सम्मान की भावना और मजबूत हुई है।उन्होंने यह भी बताया कि सरोजनीनगर क्षेत्र में महाराजा बिजली पासी किला के पुनरुद्धार का एक बड़ा कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। यह कार्य क्षेत्र की ऐतिहासिक विरासत को सुरक्षित रखने के साथ-साथ आने वाली पीढिय़ों को अपने गौरवशाली इतिहास से जोडऩे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि सरोजनीनगर आज प्रदेश में महापुरुषों के सम्मान, उनकी विरासत के संरक्षण और नई पीढ़ी को प्रेरित करने के मामले में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।विधायक ने क्षेत्र में स्थापित और विकसित किए गए प्रमुख स्थलों की जानकारी देते हुए बताया कि यहां भगवान परशुराम की भव्य प्रतिमा, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा, पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की प्रतिमा तथा भव्य गुरु नानक द्वार का निर्माण कराया गया है। इसके साथ ही निकट भविष्य में महाराणा प्रताप द्वार, रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा, वीरांगना अवंती बाई लोधी की प्रतिमा तथा उदा देवी पासी की प्रतिमा स्थापित किए जाने की योजना है।डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि महापुरुष किसी एक वर्ग के नहीं होते, बल्कि वे पूरे राष्ट्र की प्रेरणा होते हैं। उनका सम्मान करना हम सभी की सांस्कृतिक और नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में यह पहल पूरे उत्तर प्रदेश में एक जनआंदोलन का रूप लेगी और समाज को अपने गौरवशाली इतिहास से जोड़ते हुए एकता, प्रेरणा और समरसता का संदेश देगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

