0 हर महीने के तीसरे सोमवार को होगा स्वास्थ्य शिविर
जगदलपुर, 09 अप्रैल (आरएनएस)। बस्तर जिले के दरभा विकासखंड के सुदूर अंचल स्थित ग्राम पंचायत करका के पैरी पखना गाँव में कलेक्टर आकाश छिकारा ने गुरुवार को चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में स्थित इस गाँव तक पहुंचने के लिए कलेक्टर ने सुकमा जिले के बंकेपाल तक चारपहिया वाहन से यात्रा की। इसके बाद पैदल और मोटरसाइकिल से कठिन रास्ता तय कर गाँव पहुँचे।
गाँव पहुंचने पर ग्रामीण महिलाओं ने पारंपरिक तरीके से कलेक्टर आकाश छिकारा और जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन का स्वागत किया। चौपाल के दौरान कलेक्टर ने ग्रामीणों से सीधे संवाद करते हुए मोबाइल कनेक्टिविटी, राशन व्यवस्था, आधार कार्ड निर्माण, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। ग्रामीणों ने सड़क, बिजली, राशन दुकान, स्वास्थ्य सेवाएं और प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग रखी। इस पर कलेक्टर ने कहा कि पूर्व में माओवाद गतिविधियों के कारण यह क्षेत्र विकास से वंचित रहा, लेकिन अब हालात में सुधार के साथ विकास कार्यों को तेजी दी जा रही है। उन्होंने बताया कि गाँव को सड़क से जोडऩे के लिए प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत प्रस्ताव भेजा गया है।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि आधार कार्ड बनाने के लिए प्रत्येक सोमवार को शिविर आयोजित किया जाए, वहीं हर महीने के तीसरे सोमवार को स्वास्थ्य शिविर लगाया जाए। उन्होंने ग्रामीणों को वन अधिकार पट्टा, आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, महतारी वंदन योजना और मातृ वंदन योजना सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी दी। इसके साथ ही पशुपालन और मत्स्यपालन विभाग की योजनाओं से लाभ लेने के लिए ग्रामीणों को प्रेरित किया गया। आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं के लिए बाइक एम्बुलेंस की व्यवस्था पर भी चर्चा की गई। कलेक्टर ने गाँव में पहुँचने के दौरान ग्रामीणों द्वारा उपयोग की जाने वाली स्थानीय परंपरागत पेयजल साधन (चुंआ) का भी अवलोकन किया।
इस अवसर पर बच्चों को चॉकलेट, बिस्किट, टिफिन बॉक्स और पानी की बोतल वितरित की। इस दौरान स्वास्थ्य जांच शिविर में ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हे मच्छरदानी एवं आवश्यक दवाई प्रदान किया गया। वहीं विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं के अंतर्गत चयनित हितग्राहियों को सामग्री का वितरण किया। चौपाल में जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन,अपर कलेक्टर सीपी बघेल, एएसपी महेश्वर नाग, सहायक कलेक्टर विपिन दुबे, एसडीएम शंकर लाल सिन्हा,एसडीओपी लक्ष्मण पोटाई सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

