कोंडागांव, 09 अप्रैल (आरएनएस)। कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने फरसगांव विकासखंड अंतर्गत ग्राम चिंगनार में स्वास्थ्य केंद्र और छात्रावास का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्री मेट्रिक बालक छात्रावास में बच्चों से संवाद कर आवासीय, भोजन व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों से मध्यान्ह भोजन के बारे में पूछा, जहां बच्चों ने सब्जी नहीं मिलने की बात कही। उन्होंने छात्रावास के शौचालय मरम्मत करने और परिसर के बाउंड्रीवाल बनाने हेतु निर्देशित किया। कलेक्टर ने सम्बंधित प्रधान पाठक को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही छात्रावास अधीक्षक को सख्त निर्देशित किया कि भोजन को निर्धारित मीनू अनुसार भोजन उपलब्ध कराएं। इसके पश्चात उन्होंने उप स्वास्थ्य केंद्र का भी निरीक्षण कर स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया तथा प्रसव व एचआरपी महिलाओं की जानकारी ली और क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इससे पहले उन्होंने चिंगनार जलाशय का भी निरीक्षण किया और अपूर्ण लाइनिंग कार्य को शीघ्र पूर्ण करने हेतु जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई, एसडीएम अश्वन पुसाम, जिला शिक्षा अधिकारी भारती प्रधान, डीएमसी ईमल बघेल, जनपद पंचायत सीईओ रूपेंद्र नेताम सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

