नईदिल्ली, 10 अपै्रल। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 15वें मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स के बल्लेबाज आयुष बडोनी ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारी (54) खेली। यह उनके आईपीएल करियर का 7वां और कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ पहला ही अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने 33 गेंदों में पूरा किया। उनकी इस पारी की बदौलत ही लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम पूरे समय मैच में बनी रही। आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
लखनऊ सुपर जायंट्स को 182 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 42 रन के कुल स्कोर पर दूसरा झटका लगा था। उसके बाद बल्लेबाजी पर आए बडोनी ने कप्तान ऋषभ पंत (9) के साथ 31 रन, निकोलस पूरन (13) के साथ 22 और मुकुल चौधरी के साथ 21 रन की साझेदारी निभाकर टीम के स्कोर को 125 तक पहुंचाया। इस दौरान उन्होंने अपना अर्धशतक पूरा किया। वह 34 गेंदों में 7 चौके और 2 छक्कों से 54 रन बनाकर आउट हुए।
अपनी पारी का 25वां रन बनाते ही बडोनी ने आईपीएल में अपने 1,000 रन भी पूरे कर लिए। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले कुल 91वें खिलाड़ी हैं। लीग में सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड आरसीबी के विराट कोहली (8,758) के नाम दर्ज है।
बडोनी ने अपने आईपीएल करियर का आगाज 2022 में लखनऊ सुपर जायंट्स की ओर से गुजरात टाइटंस के खिलाफ किया था। उन्होंने अपने आईपीएल करियर में अब तक 59 मैच खेले हैं, जिसकी 49 पारियों में 26.38 की औसत और 138.87 की स्ट्राइक रेट से 1029 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 7 अर्धशतक भी अपने नाम किए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 74 रन का रहा है। वह अब तक 81 चौके और 40 छक्के भी जड़ चुके हैं।
००

