नईदिल्ली, 10 अपै्रल। पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज बाबर आजम ने टी-20 क्रिकेट में 12,000 रन पूरे कर एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। उन्होंने यह उपलब्धि पाकिस्तान सुपर लीग में पेशावर जाल्मी के लिए कराची किंग्स के खिलाफ खेलते हुए अपने 351वें मैच में हासिल की। बाबर ने सिर्फ 338 पारियों में यह मुकाम हासिल किया, जिससे उन्होंने वेस्टइंडीज के क्रिस गेल (343 पारियां) का रिकॉर्ड तोड़ा। इस सूची में भारत के विराट कोहली (360 पारियां) तीसरे स्थान पर हैं।
इस मैच में बाबर को 12,000 रन पूरे करने के लिए सिर्फ 13 रन की जरूरत थी। उन्होंने जाल्मी की पारी के चौथे ओवर में यह उपलब्धि हासिल कर ली। बाबर ने ओपनिंग करते हुए 51 गेंदों में नाबाद 87 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 10 चौके और 2 छक्के शामिल थे। उनकी इस पारी की बदौलत जाल्मी ने निर्धारित ओवरों में 246/3 का बड़ा स्कोर बनाया था।
इस उपलब्धि के साथ बाबर टी-20 क्रिकेट में 12,000 से ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे पाकिस्तानी बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले यह कारनामा शोएब मलिक (13,571 रन) कर चुके हैं।
क्रिकइन्फो के अनुसार, बाबर अब 351 मैचों (338 पारियां) में 42.21 की औसत से 12,074 रन बना चुके हैं। इसमें 11 शतक और 99 अर्धशतक शामिल हैं, जबकि उनका स्ट्राइक रेट 128.52 है। इस फॉर्मेट में सिर्फ क्रिस गेल (22) ने उनसे ज्यादा शतक लगाए हैं। बाबर के 4,596 रन टी-20 अंतरराष्ट्रीय में आए हैं, जहां उनका औसत 38.94 है और उन्होंने 3 शतक व 39 अर्धशतक लगाए हैं।
बाबर पाकिस्तान सुपर लीग में भी सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी भी हैं। उन्होंने 103 मैचों में 45.52 की औसत से 3,961 रन बनाए हैं, जिसमें 2 शतक और 37 अर्धशतक शामिल हैं। उनका स्ट्राइक रेट 128.18 है। बाबर 4,000 रन के करीब हैं, जबकि फखर जमान (3,018) ही ऐसे दूसरे बल्लेबाज हैं जिन्होंने 3,000 रन का आंकड़ा पार किया है।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

