कोंडागांव, 10 अप्रैल (आरएनएस)। कोंडागांव, 10 अप्रैल 2026/ जिले के आंगनबाड़ी केन्द्रों में पोषण अभियान के अंतर्गत पोषण पखवाड़ा का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में ग्राम चुरेगांव, विकासखण्ड केशकाल स्थित आंगनबाड़ी केन्द्र में कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना की उपस्थिति में बच्चों को न्योता भोज कराया गया।
इस अवसर पर कलेक्टर ने कहा कि समुदाय के छोटे-छोटे प्रयासों से बच्चों में पोषण स्तर को आसानी से बेहतर बनाया जा सकता है और सामूहिक संकल्प के साथ कुपोषण को दूर किया जा सकता है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे इस अभियान में सक्रिय सहयोग प्रदान करें।
महिला एवं बाल विकास विभाग के नवाचार के तहत जिले के 110 अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा 110 आंगनबाड़ी केन्द्रों में बच्चों को न्योता भोज कराया गया। इसके साथ ही पोषण पखवाड़ा 2026 के 8वें चरण के अंतर्गत जिले के 1834 आंगनबाड़ी केन्द्रों में 9 अप्रैल से 23 अप्रैल 2026 तक विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
अभियान का मुख्य उद्देश्य मातृ एवं शिशु पोषण, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। निर्धारित गतिविधि कैलेंडर के अनुसार धात्री माताओं के लिए परामर्श सत्र, पोषण रैली, गृह भ्रमण, सुपोषण चौपाल एवं सामुदायिक बैठकें आयोजित की जाएंगी।
इसके अतिरिक्त आंगनबाड़ी केन्द्रों में बच्चों के लिए खेल आधारित शिक्षण गतिविधियां, स्थानीय संसाधनों से शैक्षणिक सामग्री निर्माण तथा सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करने वाले कार्यक्रम भी संचालित किए जाएंगे। पखवाड़े का मुख्य थीम मातृ एवं शिशु पोषण, प्रारंभिक मस्तिष्क विकास, खेल आधारित शिक्षा को बढ़ावा देना तथा बच्चों में मोबाइल एवं टीवी के अत्यधिक उपयोग को कम करने हेतु अभिभावकों को स्क्रीन टाइम घटाने के लिए जागरूक करना है।
पोषण पखवाड़ा के सफल संचालन हेतु विभिन्न विभागों, पंचायती राज संस्थाओं, नगरीय निकायों, स्वयंसेवी संस्थाओं, महिला स्व-सहायता समूहों, महिला मंडलों, युवा समूहों, राष्ट्रीय सेवा योजना एवं नेशनल कैडेट कोर के साथ समन्वय स्थापित किया जा रहा है।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

